19वीं राष्ट्रीय जंबूरी की प्रतिभागी गाइडों का हुआ सम्मान
बदायूँ/उझानी। संजीव कुमार शर्मा
भदवार गर्ल्स इंटर कॉलेज में 19वीं राष्ट्रीय जंबूरी में प्रतिभाग करने वाली नगर की संतोष कुमारी श्रवण कुमार अग्रवाल विद्या मंदिर इंटर कॉलेज की छात्राएं दीप्ति शर्मा एवं रिया को सम्मानित किया गया। कॉलेज अध्यक्ष राजन मेंदीरत्ता ने दोनों छात्राओं को प्रमाण-पत्र प्रदान कर उनके उज्ज्वल भविष्य की शुभकामनाएं दीं।
इस अवसर पर कॉलेज अध्यक्ष राजन मेंदीरत्ता ने कहा कि संघर्ष ही जीवन है और सफलता उन्हीं को मिलती है जो कठिन परिस्थितियों में भी हिम्मत नहीं हारते। उन्होंने छात्राओं से निरंतर मेहनत कर नई ऊंचाइयों को प्राप्त करने का आह्वान किया।
पूर्व जिला ट्रेनिंग कमिश्नर संजीव कुमार शर्मा ने बताया कि 19वीं राष्ट्रीय जंबूरी का आयोजन 23 से 29 नवंबर 2025 तक लखनऊ स्थित डिफेंस एक्सपो ग्राउंड, वृंदावन योजना सेक्टर-15 में हुआ था। जंबूरी में बदायूं जिले के स्काउट-गाइड दल के साथ 25 से अधिक देशों के स्काउट-गाइडों ने एडवेंचर गतिविधियों, पीजेंट शो, वन डिस्ट्रिक्ट-वन प्रोग्राम, प्रदर्शनी, फ्रूट प्लाजा, मार्च पास्ट एवं विभिन्न प्रतियोगिताओं में भाग लिया।
उन्होंने बताया कि जिले के 103 स्काउट-गाइड एवं यूनिट लीडरों को स्काउट संस्था के प्रादेशिक वरिष्ठ उपाध्यक्ष एवं जिला मुख्यायुक्त एडवोकेट महेश चंद्र सक्सेना ने हरी झंडी दिखाकर जंबूरी के लिए रवाना किया था।
जंबूरी का आयोजन भारत स्काउट एवं गाइड उत्तर प्रदेश के प्रादेशिक मुख्यायुक्त डॉ. प्रभात कुमार तथा प्रादेशिक अध्यक्ष डॉ. महेंद्र सिंह के निर्देशन में संपन्न हुआ। कार्यक्रम का शुभारंभ उत्तर प्रदेश की राज्यपाल आनंदीबेन पटेल ने किया, जबकि समापन समारोह में राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मू शामिल हुईं। इस दौरान मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने भी युवाओं को संबोधित किया।
सम्मान समारोह में संतोष कुमार, मृत्युंजय शर्मा सहित अन्य गणमान्य लोग उपस्थित रहे।
























