उसावां में ईंट भट्ठे की चिमनी पर गिरी आकाशीय बिजली, चिमनी क्षतिग्रस्त, दो मजदूर बाल-बाल बचे।
बदायूँ/उसावां। मुरादाबाद-फर्रुखाबाद स्टेट हाईवे स्थित पवित्र ईंट उद्योग में गुरुवार को आकाशीय बिजली गिरने से बड़ा हादसा होते-होते टल गया। बिजली सीधे भट्ठे की ऊंची चिमनी पर गिरी, जिससे चिमनी का एक हिस्सा क्षतिग्रस्त होकर भरभराकर नीचे गिर गया। घटना के समय चिमनी के निकट कार्य कर रहे दो मजदूर बाल-बाल बच गए।
प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, तेज गर्जना के साथ गिरी बिजली से पूरे क्षेत्र में अफरा-तफरी मच गई। हादसे के दौरान किसी प्रकार की जनहानि नहीं हुई, लेकिन भट्ठे की चिमनी को काफी नुकसान पहुंचा।
आकाशीय बिजली का असर भट्ठे के समीप स्थित नरेश सिंह पुत्र श्याम सिंह के मकान पर भी पड़ा, जहां बिजली के झटके से टीवी, पंखा सहित कई घरेलू इलेक्ट्रॉनिक उपकरण जल गए। इससे परिवार को आर्थिक नुकसान उठाना पड़ा।
बताया जाता है कि पवित्र ईंट उद्योग का संचालन मनोज गुप्ता द्वारा किया जाता है। घटना की सूचना मिलने पर हल्का लेखापाल नीरज सिंह मौके पर पहुंचे और घटनास्थल का निरीक्षण कर क्षति का आकलन करते हुए अपनी रिपोर्ट तैयार की।
स्थानीय लोगों ने प्रशासन से प्रभावित परिवार और भट्ठा संचालक को नियमानुसार सहायता उपलब्ध कराने की मांग की है।
























