बलिया।डीएम के निर्देश पर बदला स्कूलों का समय, अब सुबह 8 से दोपहर 2 बजे तक चलेंगी कक्षा 1 से 8 की कक्षाएं

डीएम के निर्देश पर बदला स्कूलों का समय, अब सुबह 8 से दोपहर 2 बजे तक चलेंगी कक्षा 1 से 8 की कक्षाएं

संजीव सिंह, बलिया। जिलाधिकारी के निर्देश पर जनपद के कक्षा 1 से 8 तक संचालित सभी विद्यालयों के शैक्षणिक समय में परिवर्तन कर दिया गया है। यह व्यवस्था 9 जुलाई 2026 से प्रभावी हो गई है। अब परिषदीय, सीबीएसई, आईसीएसई, सहायता प्राप्त, मान्यता प्राप्त, मदरसा एवं अन्य बोर्ड से संचालित विद्यालय सुबह 8:00 बजे से दोपहर 2:00 बजे तक संचालित होंगे।

जिला बेसिक शिक्षा अधिकारी मनीष कुमार सिंह ने बताया कि यह परिवर्तन जिलाधिकारी के निर्देश तथा उत्तर प्रदेश शासन के अपर मुख्य सचिव के पत्र संख्या 867-68-5-2020, दिनांक 14 अगस्त 2020 में दिए गए निर्देशों एवं टाइम एंड मोशन स्टडी के आधार पर किया गया है।

नई समय-सारणी के अनुसार परिषदीय प्राथमिक एवं उच्च प्राथमिक विद्यालयों में प्रार्थना सभा एवं योगाभ्यास प्रातः 8:00 बजे से 8:15 बजे तक होगा। वहीं मध्यावकाश (ब्रेक) सुबह 10:30 बजे से 11:00 बजे तक निर्धारित किया गया है।

बीएसए द्वारा जारी निर्देशों के अनुसार सभी शिक्षक निर्धारित शिक्षण अवधि से 15 मिनट पहले विद्यालय में उपस्थित रहेंगे तथा शिक्षण कार्य समाप्त होने के बाद कम से कम 30 मिनट तक विद्यालय में रुककर शैक्षणिक एवं अन्य प्रशासनिक कार्यों का संपादन करेंगे।

प्रशासन ने सभी विद्यालय प्रबंधन समितियों एवं प्रधानाध्यापकों को नई समय-सारणी का कड़ाई से पालन सुनिश्चित करने के निर्देश दिए हैं। साथ ही स्पष्ट किया गया है कि यदि किसी विद्यालय को स्थानीय परिस्थितियों के कारण अस्थायी समय-समायोजन की आवश्यकता हो, तो उसके लिए निर्धारित प्रशासनिक प्रक्रिया के तहत सक्षम अधिकारी से अनुमोदन प्राप्त करना होगा।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *