उपनिदेशक (पंचायत) ने संगीपुर में की विकास योजनाओं की समीक्षा, अधूरे कार्य शीघ्र गुणवत्ता के साथ पूर्ण कराने के निर्देश
प्रतापगढ़। प्रयागराज मंडल के उपनिदेशक (पंचायत) सतीश कुमार ने जनपद प्रतापगढ़ के विकास खंड संगीपुर का दौरा कर पंचायत विभाग की विभिन्न योजनाओं एवं कार्यक्रमों की प्रगति की गहन समीक्षा की।
समीक्षा बैठक में सभी ग्राम पंचायत सचिव, सहायक विकास अधिकारी (पंचायत) एवं बीसी (BCs) उपस्थित रहे। बैठक में स्टेट सेक्टर स्कीम के अंतर्गत डिजिटल लाइब्रेरी, उत्सव भवन, अंत्येष्टि स्थल, बहुउद्देशीय पंचायत भवन, पंचायत प्रतिपूर्ति, मुख्यमंत्री अवॉर्ड (CM Award), एसएनए (SNA), स्पर्श (SPARSH) बिल रेज़्ड, सीएससी संचालन, ओएसआर (OSR) तथा स्वच्छ भारत मिशन (ग्रामीण) के तहत व्यक्तिगत शौचालय (IHHL) निर्माण, पोर्टल पर प्राप्त आवेदनों का सत्यापन, रेट्रोफिटिंग, ओडीएफ प्लस (ODF Plus), ठोस एवं तरल अपशिष्ट प्रबंधन (SLWM), राज्य स्तर से प्राप्त धनराशि के सापेक्ष कराए गए कार्यों एवं भुगतान, पीडब्ल्यूएम (PWM)/बायोगैस प्लांट संचालन एवं आय, ग्राम पंचायतों के जीएसटी, एसबीएम ओएसआर कलेक्शन, ऑडिट प्रकरणों के निस्तारण सहित अन्य विभागीय योजनाओं की विस्तार से समीक्षा की गई।
उपनिदेशक (पंचायत) ने सभी सचिवों को निर्देशित किया कि जिन योजनाओं के कार्य अभी अधूरे हैं, उन्हें प्राथमिकता के आधार पर समयबद्ध एवं गुणवत्तापूर्ण ढंग से पूर्ण कराया जाए। उन्होंने योजनाओं के क्रियान्वयन में किसी प्रकार की लापरवाही न बरतने तथा शासन की मंशा के अनुरूप कार्य सुनिश्चित करने पर बल दिया।
बैठक के उपरांत उपनिदेशक (पंचायत) ने ग्राम पंचायतों में संचालित विकास कार्यों का स्थलीय निरीक्षण भी किया। निरीक्षण के दौरान उन्होंने निर्माण कार्यों की गुणवत्ता का जायजा लिया तथा मौके पर उपस्थित सचिव एवं ग्राम प्रधान को निर्देश दिए कि सभी अपूर्ण कार्यों को शीघ्र, निर्धारित मानकों एवं गुणवत्ता के साथ पूर्ण कराकर आमजन को उनका लाभ उपलब्ध कराया जाए।
























