जौनपुर।जिला कारागार का जिला जज, डीएम और एसएसपी ने किया निरीक्षण, सुरक्षा व्यवस्था और बंदियों की सुविधाओं का लिया जायजा

जिला कारागार का जिला जज, डीएम और एसएसपी ने किया निरीक्षण, सुरक्षा व्यवस्था और बंदियों की सुविधाओं का लिया जायजा

जौनपुर। जिला जज, जिलाधिकारी एवं वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक ने शनिवार को जिला कारागार जौनपुर का संयुक्त निरीक्षण कर सुरक्षा व्यवस्था, स्वच्छता एवं बंदियों को उपलब्ध कराई जा रही मूलभूत सुविधाओं का गहन जायजा लिया।

निरीक्षण के दौरान अधिकारियों ने जेल की सुरक्षा व्यवस्था, विभिन्न बैरकों, रसोईघर, चिकित्सालय, भोजन की गुणवत्ता, चिकित्सा सेवाओं तथा अन्य आवश्यक व्यवस्थाओं का बारीकी से निरीक्षण किया। उन्होंने कारागार परिसर की साफ-सफाई और सुरक्षा मानकों का भी अवलोकन किया।

अधिकारियों ने बंदियों से सीधे संवाद कर उनकी समस्याओं और आवश्यकताओं की जानकारी ली तथा संबंधित अधिकारियों को निर्देश दिए कि प्राप्त शिकायतों का त्वरित एवं नियमानुसार निस्तारण सुनिश्चित किया जाए।

इस अवसर पर कारागार प्रशासन को निर्देशित किया गया कि जेल परिसर में सुरक्षा व्यवस्था को और अधिक सुदृढ़ बनाया जाए। साथ ही स्वच्छता, स्वास्थ्य सेवाओं एवं बंदियों के मानवाधिकारों से संबंधित सभी व्यवस्थाओं का प्रभावी ढंग से पालन सुनिश्चित किया जाए।

जिला जज, जिलाधिकारी और वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक ने कहा कि कारागार में कानून के अनुरूप सभी व्यवस्थाएं सुचारु रूप से संचालित हों तथा प्रत्येक बंदी को शासन द्वारा निर्धारित सुविधाएं समयबद्ध और पारदर्शी तरीके से उपलब्ध कराई जाएं।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *