ज्योति कलश पूजन के साथ हुआ पंचकुंडीय गायत्री महायज्ञ
उसावां (बदायूं)। अखिल विश्व गायत्री परिवार शांतिकुंज हरिद्वार के मार्गदर्शन में निकली ज्योति कलश रथ यात्रा के उसावां पहुंचने पर श्रद्धालुओं ने ज्योति कलश का श्रद्धा और भक्ति से पूजन किया। गुरुवार शाम को विराट दीपयज्ञ में बड़ी संख्या में श्रद्धालुओं ने भाग लेकर राष्ट्र एवं विश्व कल्याण की मंगलकामना की। वहीं शुक्रवार सुबह आयोजित पांच कुंडीय गायत्री महायज्ञ में श्रद्धालुओं, नगरवासियों एवं साधु-संतों ने गायत्री मंत्र तथा महामृत्युंजय मंत्र के साथ लोकमंगल, पर्यावरण संरक्षण, सुख-समृद्धि और विश्व शांति के लिए विशेष आहुतियां यज्ञ भगवान को समर्पित कीं। गायत्री शक्तिपीठ के नत्थूलाल शर्मा ने वेदमंत्रोंच्चारण के साथ विधि-विधानपूर्वक यज्ञ संपन्न कराया। उन्होंने कहा कि यज्ञ भारतीय संस्कृति की महान वैज्ञानिक एवं आध्यात्मिक परंपरा है, जो व्यक्ति, परिवार और समाज में सकारात्मक ऊर्जा का संचार करती है।

कार्यक्रम के दौरान संजीव कुमार ने प्रेरणादायी प्रज्ञा गीतों का गायन कर वातावरण को भक्तिमय बना दिया। नगर पंचायत चेयरमैन प्रियंका सिंह चौहान एवं अनिल सिंह चौहान ने वेदमाता गायत्री, युगऋषि वेदमूर्ति तपोनिष्ठ पं. श्रीराम शर्मा आचार्य, वंदनीया माता भगवती देवी शर्मा तथा ज्योति कलश का पूजन कर आशीर्वाद प्राप्त किया। महायज्ञ की पूर्णाहुति के बाद वेदमाता गायत्री की सुसज्जित दीपकों और घंटे-घड़ियालों की मधुर ध्वनि के बीच भव्य आरती हुई। अंत में श्रद्धालुओं को प्रसाद वितरित किया गया। इसके बाद अकबरपुर में रविंद्र सिंह यादव प्रधान, दिनेश यादव, सुरेश चंद्र, अनिल सिंह ने ज्योति कलश का पूजन किया। इस मौके पर अरुण प्रताप सिंह, भोला भैया, सुरेश चंद्र यादव, श्रीकृष्ण गुप्ता, पवन गुप्ता, सृष्टि गुप्ता, रजनी गुप्ता आदि मौजूद रहे।
























