आजमगढ़: राज्य महिला आयोग की अध्यक्ष से शिकायत के बाद डॉक्टर समेत दो पर मुकदमा दर्ज
मारपीट, जातिसूचक टिप्पणी और जान से मारने की धमकी का आरोप, आनंद हॉस्पिटल का मामला
आजमगढ़। शहर के मुकेरीगंज स्थित आनंद हॉस्पिटल से जुड़े एक विवाद में राज्य महिला आयोग की अध्यक्ष से शिकायत के बाद पुलिस ने अस्पताल संचालक डॉ. आनंद सिंह समेत दो लोगों के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर विवेचना शुरू कर दी है।
मोहल्ला दलसिंगार निवासी संतोष चौधरी पुत्र जमुना प्रसाद ने कोतवाली में दी गई तहरीर में आरोप लगाया कि वह आनंद हॉस्पिटल में दवा आपूर्ति का कार्य करता था और बिल के अनुसार भुगतान होता था। आरोप है कि 22 जून को पैसों के लेन-देन को लेकर डॉ. आनंद सिंह और उनके एक कर्मचारी ने उसके साथ गाली-गलौज, मारपीट तथा जातिसूचक शब्दों का प्रयोग किया। बीच-बचाव करने पहुंची उसकी मां मंजू चौधरी के साथ भी मारपीट की गई। पीड़ित का आरोप है कि उससे जबरन कागजों पर हस्ताक्षर कराने का दबाव बनाया गया और जान से मारने की धमकी दी गई।
पीड़ित का कहना है कि पुलिस अधीक्षक से शिकायत के बावजूद कार्रवाई नहीं हुई, जिसके बाद उसकी मां मंजू चौधरी ने सर्किट हाउस में आयोजित जनसुनवाई के दौरान राज्य महिला आयोग की अध्यक्ष बबीता सिंह चौहान से शिकायत की।
शिकायत में मंजू चौधरी ने आरोप लगाया कि उनका पुत्र पिछले लगभग तीन वर्षों से आनंद हॉस्पिटल में कार्यरत था। 21 जून को डॉक्टर से कहासुनी होने के बाद वह अगले दिन काम पर नहीं गया। आरोप है कि इसके बाद डॉक्टर ने अपने कर्मचारियों और अन्य लोगों को भेजकर उनके पुत्र को जबरन अस्पताल बुलाया, जहां उसे सुबह 12 बजे से रात 12 बजे तक केबिन में बंधक बनाकर मारपीट की गई। परिवार के लोगों को उससे मिलने भी नहीं दिया गया।
आयोग के संज्ञान लेने के बाद कोतवाली पुलिस ने तहरीर के आधार पर संबंधित धाराओं में मुकदमा दर्ज कर मामले की जांच शुरू कर दी है। पुलिस का कहना है कि विवेचना के आधार पर आगे की विधिक कार्रवाई की जाएगी।
























