जौनपुर।पुलिस मुठभेड़ में अवैध असलहा तस्कर गैंग का पर्दाफाश, गैंग लीडर पैर में गोली लगने से घायल, 4 गिरफ्तार

पुलिस मुठभेड़ में अवैध असलहा तस्कर गैंग का पर्दाफाश, गैंग लीडर पैर में गोली लगने से घायल, 4 गिरफ्तार

जौनपुर। मोहर्रम पर्व के मद्देनजर चलाए जा रहे सघन चेकिंग अभियान के दौरान शुक्रवार को केराकत पुलिस, गौराबादशाहपुर पुलिस, स्वाट ,एसओजी और सर्विलांस टीम को बड़ी सफलता मिली। संयुक्त पुलिस टीम ने मुठभेड़ के बाद अवैध असलहा तस्करी और लूट की घटनाओं में शामिल चार शातिर अभियुक्तों को गिरफ्तार कर लिया। मुठभेड़ के दौरान गैंग लीडर शैलेश यादव के पैर में गोली लगी, जबकि एक बाल अपचारी भी पकड़ा गया।

पुलिस के अनुसार, गौराबादशाहपुर थाना क्षेत्र के बगथरी नहर पुलिया पर चेकिंग के दौरान दो मोटरसाइकिलों पर सवार चार बदमाशों ने पुलिस टीम पर फायरिंग कर दी और केराकत की ओर भाग निकले। सूचना मिलते ही प्रभारी निरीक्षक अरविंद कुमार पांडेय ने मल्लूपुर नहर पुलिया पर घेराबंदी कर दी। खुद को घिरा देख बदमाशों ने फिर पुलिस पर गोलियां चलाईं। जवाबी कार्रवाई में गैंग लीडर शैलेश यादव के बाएं पैर में गोली लग गई, जबकि उसके तीन साथियों को दौड़ाकर पकड़ लिया गया।

पूछताछ में आरोपितों ने स्वीकार किया कि वे अवैध असलहों की खरीद-फरोख्त का संगठित गिरोह चलाते हैं और भारी मात्रा में हथियार बेचने जा रहे थे। पुलिस से बचने के लिए उन्होंने जानलेवा हमला किया था।

बरामदगी में 10 देशी तमंचे, 3 पिस्टल, कारतूस, दो मोटरसाइकिल और तीन मोबाइल फोन बरामद किए गए हैं। पुलिस ने दोनों मोटरसाइकिलों को सीज कर दिया है।

मुख्य आरोपित शैलेश यादव के खिलाफ हत्या के प्रयास, आर्म्स एक्ट, गैंगस्टर एक्ट, चोरी, लूट और अन्य गंभीर अपराधों सहित जौनपुर, गाजीपुर और आजमगढ़ के विभिन्न थानों में कई मुकदमे दर्ज हैं।

पुलिस ने इस मामले में थाना केराकत पर बीएनएस और शस्त्र अधिनियम की धाराओं में मुकदमा दर्ज कर अग्रिम विधिक कार्रवाई शुरू कर दी है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *