जौनपुर।पुलिस मुठभेड़ में 25 हजार का इनामी बदमाश घायल, तमंचा व बाइक बरामद

पुलिस मुठभेड़ में 25 हजार का इनामी बदमाश घायल, तमंचा व बाइक बरामद

जौनपुर। नेवढ़िया और जलालपुर थाना पुलिस की संयुक्त टीम ने गुरुवार तड़के मुठभेड़ के दौरान एक शातिर अपराधी को गिरफ्तार कर लिया। पुलिस की जवाबी कार्रवाई में बदमाश के पैर में गोली लग गई, जबकि उसका एक साथी अंधेरे का फायदा उठाकर फरार हो गया।

पुलिस के अनुसार, नेवढ़िया थाना प्रभारी निखिलेश कुमार तिवारी टीम के साथ क्षेत्र में संदिग्ध वाहन एवं व्यक्तियों की चेकिंग कर रहे थे। इसी दौरान एक मोटरसाइकिल पर सवार दो संदिग्धों को रोकने का प्रयास किया गया। पुलिस को देखते ही दोनों बदमाश हवाई फायरिंग करते हुए सीतमसराय की ओर भागने लगे।

सूचना मिलते ही जलालपुर थाना पुलिस और सीतमसराय चौकी पुलिस ने घेराबंदी कर दी। खुद को घिरा देख बदमाशों ने पुलिस टीम पर जान से मारने की नीयत से फायरिंग शुरू कर दी। आत्मरक्षा में पुलिस द्वारा की गई जवाबी कार्रवाई में एक बदमाश के बाएं पैर में गोली लग गई, जिससे वह घायल होकर गिर पड़ा। उसका साथी मौके से फरार हो गया।

पकड़े गए बदमाश की पहचान अरविंद राजभर उर्फ मंगनू उर्फ मेवालाल राजभर निवासी जयरामपुर, थाना मड़ियाहूं के रूप में हुई है। पूछताछ में उसने फरार साथी का नाम महेश यादव उर्फ छोटू निवासी महरेवां, थाना जलालपुर बताया। घायल बदमाश को उपचार के लिए जिला अस्पताल भेजा गया है।

पुलिस ने उसके कब्जे से एक अवैध .315 बोर तमंचा, दो खोखा कारतूस तथा एक हीरो होंडा स्प्लेंडर प्लस मोटरसाइकिल बरामद की है।

पुलिस के मुताबिक गिरफ्तार अपराधी के विरुद्ध हत्या के प्रयास, लूट, चोरी, गैंगस्टर एक्ट और आर्म्स एक्ट समेत करीब एक दर्जन मुकदमे विभिन्न थानों में दर्ज हैं। फरार आरोपी की तलाश में पुलिस टीमें दबिश दे रही हैं।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *