आजमगढ़।जेल की जमीन पर अतिक्रमण बरदाश्त नहीं : दारा सिंह चौहान

रोटरी क्लब ने किया कारागार मंत्री का आभार

जेल की जमीन पर अतिक्रमण बरदाश्त नहीं : दारा सिंह चौहान

उपेन्द्र कुमार पांडेय 

आजमगढ़। शहर के मध्य में स्थित जर्जर और खाली पड़ी पुरानी जेल की भूमि के जीर्णोद्धार का रास्ता साफ हो गया है। मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ से इस परियोजना को स्वीकृति दिलाने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाने वाले प्रदेश के कारागार मंत्री दारा सिंह चौहान का रोटरी क्लब आजमगढ़ द्वारा जोरदार स्वागत किया गया।

नगर के पुरानी कोतवाली स्थित अग्रवाल धर्मशाला में आयोजित इस समारोह में अपने काफिले के साथ पहुंचे कारागार मंत्री दारा सिंह चौहान का रोटरी क्लब के अध्यक्ष श्रेय अग्रवाल और सचिव रवि शंकर प्रजापति के नेतृत्व में पदाधिकारियों ने माल्यार्पण कर, अंगवस्त्रम और स्मृति चिन्ह भेंट कर गर्मजोशी से स्वागत किया। क्लब के सदस्यों ने आजमगढ़ जनपद को विकास की एक नई दिशा देने के लिए मंत्री का आभार व्यक्त किया। इस दौरान रोटरी क्लब की ओर से सामाजिक गतिविधियों के संचालन के लिए एक स्थाई कार्यालय की भी मांग की गई।

स्वागत से अभिभूत होकर कारागार मंत्री दारा सिंह चौहान ने कहा, रोटरी क्लब हमेशा गरीबों और जरूरतमंदों के कल्याण के लिए तत्पर रहती है। मुझे पूरा विश्वास है कि रोटरी क्लब इसी सेवा भावना के साथ सरकार के साथ मिलकर आजमगढ़ के विकास में चार चांद लगाने का काम करेगा। पुरानी जेल की भूमि के भविष्य पर बोलते हुए कारागार मंत्री ने कड़ा रुख अपनाया और कहा कि जेल की जमीन पर किसी भी प्रकार का अतिक्रमण बर्दाश्त नहीं किया जाएगा और यदि कोई अतिक्रमण होगा तो उसे तुरंत हटाया जाएगा। उन्होंने स्पष्ट किया कि इस बहुमूल्य जमीन का उपयोग केवल और केवल विकास कार्यों के लिए ही किया जाएगा। इसके कायाकल्प के लिए जल्द ही मुख्यमंत्री के कर-कमलों द्वारा इस परियोजना का भव्य शिलान्यास कराया जाएगा।

 इस अवसर पर अनूप अग्रवाल, ओम प्रकाश अग्रवाल, अजय अग्रवाल, सुधीर अग्रवाल, मनीष रत्न अग्रवाल, ओम प्रकाश अग्रवाल, रित्विक जायसवाल, प्रवीन सिंह, अजेंद्र राय, गगन अग्रवाल, आनन्द बरनवाल, राकेश अग्रवाल, रितेश गोयल, अमन गर्ग आदि उपस्थित रहे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *