भदोही की दो बेटियों ने बढ़ाया जिले का मान, बीपीएससी में बनीं डीएसपी और डिप्टी कलेक्टर।

भदोही की दो बेटियों ने बढ़ाया जिले का मान, बीपीएससी में बनीं डीएसपी और डिप्टी कलेक्टर।

शरद बिंद

भदोही। जनपद की दो प्रतिभाशाली बेटियों ने बिहार लोक सेवा आयोग (बीपीएससी) की परीक्षा में शानदार सफलता हासिल कर जिले का गौरव बढ़ाया है। उनकी उपलब्धि से पूरे क्षेत्र में खुशी का माहौल है और लोग उन्हें बधाई दे रहे हैं।

ज्ञानपुर विधानसभा क्षेत्र के इनारगांव डुहियां की मूल निवासी तथा वर्तमान में बिहार में डीआईजी पद पर कार्यरत अजय कुमार पाण्डेय की पुत्री शिवांगी पाण्डेय का चयन डीएसपी (डिप्टी सुपरिंटेंडेंट ऑफ पुलिस) पद के लिए हुआ है। शिवांगी की इस सफलता ने न केवल उनके परिवार बल्कि पूरे भदोही जिले को गौरवान्वित किया है। उनकी मेहनत, अनुशासन और लगन युवाओं, विशेषकर बेटियों के लिए प्रेरणा बन गई है।

वहीं बिंद नगर बवईं निवासी दीपिका बिंद का चयन 82वीं रैंक के साथ डिप्टी कलेक्टर (एसडीएम) पद पर हुआ है। दीपिका बचपन से ही मेधावी छात्रा रही हैं। उन्होंने बारहवीं तक की शिक्षा जवाहर नवोदय विद्यालय, ज्ञानपुर से प्राप्त की और इंटरमीडिएट में टॉप-5 विद्यार्थियों में स्थान बनाया। इसके बाद इविंग क्रिश्चियन कॉलेज, प्रयागराज से बीएससी में गोल्ड मेडल हासिल किया तथा काशी हिंदू विश्वविद्यालय (बीएचयू) से एमए की पढ़ाई पूरी की।

दीपिका ने वर्ष 2023 में यूपीएससी सिविल सेवा परीक्षा के इंटरव्यू तक का सफर तय किया था, जहां वह महज 11 अंकों से अंतिम चयन से चूक गई थीं। इसके बाद उन्होंने यूपी पीसीएस-2024 में भी साक्षात्कार तक पहुंचकर अपनी प्रतिभा का परिचय दिया। इसके अलावा वह वर्ष 2015 में जिला पंचायत सदस्य का चुनाव जीतकर राजनीतिक क्षेत्र में भी अपनी पहचान बना चुकी हैं। उनके पिता दिनेश कुमार बिंद प्रधानाध्यापक हैं।

दोनों बेटियों की इस उपलब्धि पर क्षेत्रवासियों ने हर्ष व्यक्त करते हुए उज्ज्वल भविष्य की शुभकामनाएं दी हैं। उनकी सफलता यह संदेश देती है कि दृढ़ संकल्प और कठिन परिश्रम से किसी भी लक्ष्य को प्राप्त किया जा सकता है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *