बदायूँ।अंतर्राष्ट्रीय योग दिवस पर पुलिस लाइन में हुआ भव्य आयोजन, प्रभारी मंत्री ने किया योग अपनाने का आह्वान

अंतर्राष्ट्रीय योग दिवस पर पुलिस लाइन में हुआ भव्य आयोजन, प्रभारी मंत्री ने किया योग अपनाने का आह्वान

बदायूँ। 12वें अंतर्राष्ट्रीय योग दिवस के अवसर पर जनपद बदायूँ की पुलिस लाइन परेड ग्राउंड में भव्य योग कार्यक्रम का आयोजन वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक  अंकिता शर्मा की अध्यक्षता में किया गया। कार्यक्रम में बड़ी संख्या में पुलिस कर्मियों, प्रशासनिक अधिकारियों, जनप्रतिनिधियों एवं विभिन्न योग संस्थाओं के प्रतिनिधियों ने सहभागिता कर योगाभ्यास किया।

कार्यक्रम के मुख्य अतिथि उत्तर प्रदेश सरकार में वन एवं पर्यावरण, जन्तु उद्यान एवं जलवायु परिवर्तन विभाग के राज्य मंत्री (स्वतंत्र प्रभार) एवं जनपद के प्रभारी मंत्री डॉ. अरुण कुमार सक्सेना रहे। इस अवसर पर जीएसटी मंडलायुक्त श्री नितिन बंसल, सदर विधायक महेश चन्द्र गुप्ता, एमएलसी वागीश पाठक, भाजपा जिलाध्यक्ष राजीव कुमार गुप्ता, जिलाधिकारी अवनीश राय, मुख्य विकास अधिकारी, अपर जिलाधिकारी (प्रशासन), अपर पुलिस अधीक्षक ग्रामीण एवं नगर सहित पुलिस व प्रशासन के अनेक अधिकारी एवं कर्मचारी उपस्थित रहे।

इस अवसर पर वक्ताओं ने योग के महत्व पर प्रकाश डालते हुए कहा कि योग केवल व्यायाम नहीं, बल्कि संपूर्ण जीवन पद्धति और अनुशासन का नाम है। नियमित योगाभ्यास से शरीर स्वस्थ, मन शांत और जीवन संतुलित रहता है। योग अनेक शारीरिक एवं मानसिक बीमारियों की रोकथाम में सहायक है तथा तनाव, चिंता और नकारात्मक विचारों को दूर कर सकारात्मक ऊर्जा का संचार करता है।

मुख्य अतिथि ने कहा कि योग भारत की प्राचीन संस्कृति, सभ्यता और समृद्ध विरासत का प्रतीक है, जिसे आज पूरा विश्व अपना रहा है। उन्होंने उपस्थित सभी लोगों से अपने दैनिक जीवन में योग को शामिल करने और स्वस्थ जीवनशैली अपनाने का आह्वान किया।

कार्यक्रम के दौरान प्रशिक्षकों के निर्देशन में विभिन्न योगासनों एवं प्राणायाम का सामूहिक अभ्यास कराया गया। पुलिस कर्मियों, अधिकारियों तथा योग संस्थाओं के प्रतिनिधियों ने उत्साहपूर्वक भाग लेकर योग के प्रति अपनी प्रतिबद्धता व्यक्त की।

“जिसने योग को अपनाया, रोग को हमेशा के लिए दूर भगाया” के संदेश के साथ आयोजित यह कार्यक्रम जनपदवासियों को स्वस्थ, निरोग एवं सकारात्मक जीवन की प्रेरणा देने वाला साबित हुआ। योग दिवस के अवसर पर पूरे वातावरण में स्वास्थ्य, अनुशासन और जागरूकता का संदेश गूंजता रहा।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *