सेठ एम.आर. जयपुरिया स्कूल, रसड़ा परिसर में 12वां अंतर्राष्ट्रीय योग दिवस धूमधाम से मनाया गया
संजीव सिंह बलिया/ रसड़ा। सेठ एम.आर. जयपुरिया स्कूल, रसड़ा परिसर में 12वाँ अंतर्राष्ट्रीय योग दिवस बड़े उत्साह, अनुशासन एवं गरिमामय वातावरण में मनाया गया। कार्यक्रम में विद्यार्थियों, अभिभावकों, शिक्षकों एवं स्थानीय गणमान्य नागरिकों ने बढ़‑चढ़कर भाग लिया और योग के महत्व को खुले दिल से स्वीकार किया।
कार्यक्रम का शुभारंभ अतिथियों के स्वागत और शॉल ओढ़ाकर सम्मान समारोह से हुआ। विद्यालय की ओर से मुख्य अतिथि एवं लखनऊ विश्वविद्यालय के अंतर्राष्ट्रीय योग प्रशिक्षक सुधीर मिश्रा को शॉल भेंट कर सम्मानित किया गया। इसी प्रकार ‘द टाइम्स ऑफ इंडिया’, नई दिल्ली के वरिष्ठ पत्रकार श्री अखिलेश सिंह तथा लखनऊ विश्वविद्यालय के पुस्तकालय विभाग से सर्वजीत सिंह को भी विशिष्ट अतिथि के रूप में शॉल देकर सम्मानित किया गया।
स्वागत संबोधन में वक्ताओं ने योग को भारत की प्राचीन एवं अमूल्य धरोहर बताते हुए कहा कि योग केवल शारीरिक व्यायाम नहीं, बल्कि स्वस्थ, संतुलित एवं सकारात्मक जीवन जीने की कला है। अतिथियों ने अपने प्रेरणादायी विचार साझा किए और विद्यार्थियों तथा अभिभावकों को नियमित रूप से योग अपनाने का संदेश दिया।
मुख्य अतिथि सुधीर मिश्रा के निर्देशन में सभी प्रतिभागियों ने विभिन्न योगासन, प्राणायाम एवं ध्यान का अभ्यास किया। श्री मिश्रा ने योग के शारीरिक, मानसिक एवं आध्यात्मिक लाभों पर प्रकाश डालते हुए दैनिक जीवन में योग को शामिल करने की आवश्यकता पर जोर दिया। उपस्थित विद्यार्थियों ने योगाभ्यास में उत्कृष्ट अनुशासन और रुचि दिखाई।
विद्यालय के प्रधानाचार्य संजीव सिंह चौहान ने अतिथियों, अभिभावकों एवं प्रतिभागियों का आभार व्यक्त किया और कहा कि योग एक स्वस्थ समाज एवं सशक्त राष्ट्र निर्माण का महत्वपूर्ण माध्यम है। उन्होंने विद्यार्थियों को नियमित योगाभ्यास और संतुलित जीवनशैली अपनाने के लिए प्रेरित किया।
कार्यक्रम के समापन पर उपस्थित सभी ने योग को अपने दैनिक जीवन का हिस्सा बनाने का संकल्प लिया। राष्ट्रगान के साथ कार्यक्रम संपन्न हुआ और अंत में सभी अतिथियों, अभिभावकों एवं विद्यार्थियों के लिए जलपान की व्यवस्था की गई।
























