शहर के पहाड़पुर गौशाला प्रांगण में 12वा अंतरराष्ट्रीय योग दिवस धूमधाम से मनाया गया
उपेन्द्र कुमार पांडेय
आजमगढ़। 12वें अंतर्राष्ट्रीय योग दिवस के उपलक्ष्य में रविवार को नगर के पहाड़पुर स्थित श्रीकृष्ण गौशाला प्रांगण में ‘योग करो, निरोग रहो’ कार्यक्रम का भव्य आयोजन किया गया। यह कार्यक्रम पतंजलि योगपीठ एवं श्रीकृष्ण गौशाला समिति के संयुक्त तत्वावधान में गौशाला अध्यक्ष अनूप अग्रवाल और श्रेय अग्रवाल के सौजन्य से संपन्न हुआ। कार्यक्रम में मुख्य अतिथि जे.पी. मिश्रा के मार्गदर्शन और योग संचालक अरुण कुमार के नेतृत्व में उपस्थित सैकड़ों लोगों ने उत्साहपूर्वक विभिन्न योगासनों का अभ्यास किया और जीवन में योग को नियमित रूप से अपनाने का संकल्प लिया। इस अवसर पर अध्यक्ष अनूप अग्रवाल ने योग के महत्व पर प्रकाश डालते हुए कहा कि योग सिर्फ एक शारीरिक व्यायाम नहीं है, बल्कि यह स्वस्थ शरीर, शांत मन और संतुलित जीवन जीने का वास्तविक आधार है। उन्होंने समाज और जनपद के लोगों को स्वास्थ्य के प्रति जागरूक करने पर बल दिया। इसके साथ ही उन्होंने देश के विकास में सहभागिता की अपील करते हुए कहा कि हम सभी को मिलकर प्रधानमंत्री के साल 2047 तक ‘विकसित भारत’ के सपने को साकार करने के लिए संकल्पबद्ध होना चाहिए। यह गौशाला असहायों, चोटिल, बाझींन और बूढ़ी गायों के सेवा के लिए प्रतिबद्ध है।
























