शिक्षक संघ की पहल पर जागा प्रशासन, क्षतिग्रस्त फर्नीचर की जांच के निर्देश
मुजीब खान
शाहजहांपुर : जनपद के उच्च प्राथमिक विद्यालयों में फर्म द्वारा आपूर्ति किए गए थ्री-सीटर डेस्क-बेंच के क्षतिग्रस्त होने के मामले को गंभीरता से लेते हुए जिला बेसिक शिक्षा अधिकारी शाहजहांपुर जयशंकर श्रीवास्तव ने सभी खंड शिक्षा अधिकारियों को जांच कर रिपोर्ट उपलब्ध कराने के निर्देश दिए हैं।
जिला बेसिक शिक्षा अधिकारी द्वारा जारी पत्र में बताया गया है कि उच्च प्राथमिक विद्यालयों में जेम पोर्टल के माध्यम से चयनित फर्म इंडिमेट प्रेस मेटल, नागपुर (महाराष्ट्र) द्वारा थ्री-सीटर डेस्क-बेंच की आपूर्ति की गई थी। फर्म द्वारा उपलब्ध कराए गए फर्नीचर पर पांच वर्ष की ऑन-साइट वारंटी भी निर्धारित थी।
उत्तर प्रदेशीय प्राथमिक शिक्षक संघ के जिलाध्यक्ष मुनीश मिश्रा ने 12 जून 2026 को प्रेषित पत्र के माध्यम से अवगत कराया गया कि जनपद के अनेक विद्यालयों में आपूर्ति किया गया फर्नीचर क्षतिग्रस्त हो चुका है। फर्नीचर में प्रयुक्त बोर्ड एवं लोहे के फ्रेम टूट-फूट की स्थिति में हैं, जिससे छात्र-छात्राओं को बैठने में कठिनाई हो रही है तथा शिक्षण कार्य भी प्रभावित हो रहा है।
मामले को संज्ञान में लेते हुए बीएसए ने सभी खंड शिक्षा अधिकारियों को निर्देशित किया है कि वे अपने-अपने विकास खंड के विद्यालयों में उपलब्ध उक्त फर्नीचर की वास्तविक स्थिति का सत्यापन कर फोटो सहित एक सप्ताह के भीतर विस्तृत आख्या उपलब्ध कराएं। रिपोर्ट के आधार पर फर्नीचर की मरम्मत अथवा अन्य आवश्यक कार्रवाई सुनिश्चित की जाएगी।
























