आईजीआरएस निस्तारण में बदायूं पुलिस पूरे उत्तर प्रदेश में नंबर-1

आईजीआरएस निस्तारण में बदायूं पुलिस पूरे उत्तर प्रदेश में नंबर-1

जून 2026 की शासन रैंकिंग में 135 में 135 अंक हासिल, एसएसपी अंकिता शर्मा के नेतृत्व में मिली बड़ी उपलब्धि

बदायूं। जनसुनवाई पोर्टल (आईजीआरएस) पर प्राप्त शिकायतों के त्वरित, गुणवत्तापूर्ण एवं प्रभावी निस्तारण में बदायूं पुलिस ने पूरे उत्तर प्रदेश में प्रथम स्थान हासिल कर नया कीर्तिमान स्थापित किया है। उत्तर प्रदेश शासन द्वारा जून 2026 के मूल्यांकन में बदायूं पुलिस को 135 में 135 अंक प्राप्त हुए, जिसके आधार पर जिले को प्रदेश के सभी 75 जनपदों में पहली रैंक मिली।

शासन की मूल्यांकन रिपोर्ट के अनुसार शिकायतों की मार्किंग, समयबद्ध अग्रसारण, डिफॉल्टर मामलों पर नियंत्रण, संतुष्ट फीडबैक, उच्चाधिकारियों एवं मुख्यमंत्री कार्यालय द्वारा श्रेणीकरण, रैंडम जांच, फील्ड विजिट रिपोर्ट, जनता दर्शन फीडिंग और प्रोफाइल अपडेट सहित सभी मानकों पर बदायूं पुलिस ने शत-प्रतिशत अंक अर्जित किए। जून माह में कोई भी प्रकरण डिफॉल्टर श्रेणी में नहीं गया, जिससे जिले को पूर्ण अंक प्राप्त हुए।

यह उपलब्धि वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक अंकिता शर्मा के नेतृत्व एवं प्रभावी मॉनिटरिंग का परिणाम मानी जा रही है। जिले के सभी 22 थाना क्षेत्रों ने भी शिकायतों के गुणवत्तापूर्ण निस्तारण में उत्कृष्ट प्रदर्शन करते हुए प्रदेश स्तर पर प्रथम स्थान दिलाने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाई।

इस उल्लेखनीय सफलता पर एसएसपी अंकिता शर्मा ने पुलिस अधीक्षक नगर अभिषेक कुमार सिंह, आईजीआरएस प्रभारी निरीक्षक अशोक कुमार काम्बोज तथा पूरी आईजीआरएस यूनिट की सराहना करते हुए उनके कार्य की भूरि-भूरि प्रशंसा की। उन्होंने कहा कि आमजन की शिकायतों का समयबद्ध, निष्पक्ष और गुणवत्तापूर्ण समाधान पुलिस की सर्वोच्च प्राथमिकता है तथा भविष्य में भी इसी प्रतिबद्धता के साथ कार्य जारी रहेगा।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *