सोमवती अमावस्या पर कछला गंगा घाट का डीएम-एसएसपी ने किया निरीक्षण, सुरक्षा व्यवस्था का लिया जायजा
बदायूं। सोमवती अमावस्या पर्व के अवसर पर श्रद्धालुओं की सुरक्षा एवं सुविधा सुनिश्चित करने के लिए सोमवार को जिलाधिकारी बदायूं श्री अवनीश कुमार राय एवं वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक बदायूं सुश्री अंकिता शर्मा ने कछला गंगा घाट का भ्रमण एवं निरीक्षण किया। अधिकारियों ने घाट पर की गई सुरक्षा व्यवस्थाओं, यातायात, पार्किंग एवं श्रद्धालुओं की सुविधाओं का जायजा लेकर संबंधित अधिकारियों को आवश्यक दिशा-निर्देश दिए।
निरीक्षण के दौरान अधिकारियों ने विशेष रूप से महिला श्रद्धालुओं की सुरक्षा एवं कानून व्यवस्था बनाए रखने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि गंगा स्नान के दौरान श्रद्धालुओं को किसी प्रकार की असुविधा न हो तथा घाट पर सुरक्षा व्यवस्था पूरी तरह चाक-चौबंद रखी जाए।
डीएम एवं एसएसपी ने श्रद्धालुओं के सुरक्षित आवागमन, यातायात व्यवस्था, पार्किंग व्यवस्था एवं भीड़ नियंत्रण को लेकर संबंधित अधिकारियों को सतर्कता बरतने के निर्देश दिए। साथ ही घाट क्षेत्र में लगातार निगरानी बनाए रखने को कहा गया।
इस दौरान अपर पुलिस अधीक्षक नगर श्री अभिषेक कुमार सिंह, एसडीएम सदर श्री मोहित कुमार, क्षेत्राधिकारी उझानी श्री सुनील कुमार सिंह, थाना प्रभारी निरीक्षक उझानी श्री प्रवीण कुमार सहित अन्य अधिकारी एवं कर्मचारी मौजूद रहे।
























