लखनऊ।जिलाधिकारी की अध्यक्षता में मोहनलालगंज तहसील में आयोजित हुआ सम्पूर्ण समाधान दिवस

जिलाधिकारी की अध्यक्षता में मोहनलालगंज तहसील में आयोजित हुआ सम्पूर्ण समाधान दिवस

लखनऊ।जनपद की पांचों तहसीलों में शनिवार को सम्पूर्ण समाधान दिवस का आयोजन किया गया। तहसील मोहनलालगंज में आयोजित समाधान दिवस की अध्यक्षता जिलाधिकारी ने की। इस दौरान उन्होंने अधिकारियों को निर्देश दिए कि जनसामान्य की शिकायतों का त्वरित, समयबद्ध एवं गुणवत्तापूर्ण निस्तारण सुनिश्चित किया जाए।

जिलाधिकारी ने कहा कि शासन की प्राथमिकता है कि लोगों की समस्याओं का स्थानीय स्तर पर शीघ्र समाधान किया जाए। उन्होंने सभी विभागीय अधिकारियों को निर्देशित करते हुए कहा कि प्राप्त शिकायतों का एक सप्ताह के भीतर विधिक प्रक्रिया के तहत निस्तारण किया जाए तथा शिकायतकर्ताओं को भी निस्तारण की जानकारी अवश्य दी जाए।

मोहनलालगंज तहसील में आयोजित समाधान दिवस में कुल 428 प्रकरण प्राप्त हुए, जिनमें से 112 प्रकरणों का मौके पर ही विभिन्न टीमों के माध्यम से निस्तारण कर दिया गया। शेष प्रकरणों को संबंधित विभागों को समयबद्ध कार्रवाई हेतु प्रेषित किया गया।

जनपद की पांचों तहसीलों में आयोजित समाधान दिवस में कुल 966 शिकायतें प्राप्त हुईं, जिनमें से 207 शिकायतों का मौके पर निस्तारण किया गया। तहसील सदर में 55 में से 4, मलिहाबाद में 110 में से 14, बीकेटी में 228 में से 56, मोहनलालगंज में 428 में से 112 तथा सरोजनीनगर में 145 में से 21 प्रकरणों का निस्तारण किया गया।

समाधान दिवस में प्राप्त प्रार्थना पत्रों में पुलिस विभाग से संबंधित 120, राजस्व एवं पुलिस संयुक्त 3, राजस्व 573, विकास 75, शिक्षा 5, स्वास्थ्य 5, समाज कल्याण 22, नगर निगम 4 तथा अन्य विभागों से संबंधित 159 शिकायतें शामिल रहीं।

जिलाधिकारी ने सभी अधिकारियों को निर्देश दिए कि जिन प्रकरणों के निस्तारण हेतु समय सीमा निर्धारित की गई है, उनका समय से निस्तारण करते हुए फोटो एवं वीडियो सहित आख्या उपलब्ध कराई जाए। साथ ही उन्होंने कहा कि शिकायतों के निस्तारण के बाद संबंधित अधिकारी शिकायतकर्ताओं से फोन पर संपर्क कर फीडबैक लेना भी सुनिश्चित करें।

इस अवसर पर मुख्य विकास अधिकारी प्रफुल्ल कुमार शर्मा, अपर जिलाधिकारी वित्त एवं राजस्व राकेश सिंह, उप जिलाधिकारी मोहनलालगंज पवन पटेल, तहसीलदार ऋतुराज सहित पुलिस, समाज कल्याण एवं विभिन्न विभागों के अधिकारी एवं कर्मचारी उपस्थित रहे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *