दातागंज पुलिस की बड़ी कार्रवाई, फर्जी बैनामा कर जमीन हड़पने वाले चार आरोपी गिरफ्तार
बदायूं। जनपद की वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक अंकिता शर्मा के निर्देशानुसार जनपद में अपराध की रोकथाम एवं अपराधियों की गिरफ्तारी को लेकर चलाए जा रहे अभियान के तहत थाना दातागंज पुलिस को बड़ी सफलता मिली है। पुलिस ने धोखाधड़ी कर फर्जी बैनामा के जरिए जमीन हड़पने वाले चार आरोपियों को गिरफ्तार किया है।
पुलिस के अनुसार थाना दातागंज पुलिस टीम ने शनिवार को बरेली तिराहा कस्बा दातागंज से चार वांछित अभियुक्तों को गिरफ्तार किया। गिरफ्तार अभियुक्तों में कदीर खां पुत्र रियात अली, मुस्ताक खान पुत्र रियात अली निवासी ग्राम भुंडी थाना उसहैत तथा लालाराम पुत्र मनोहर लाल व प्रेमपाल पुत्र जगदीश निवासी ग्राम कलक्टरगंज थाना उसावा शामिल हैं।
पुलिस जांच में सामने आया कि अभियुक्तों ने एक महिला को फर्जी तरीके से वादिनी दर्शाकर उसका नकली आधार कार्ड तैयार कराया और उसकी जमीन का फर्जी बैनामा अपने नाम करा लिया। मामले में गाली-गलौज व धोखाधड़ी समेत विभिन्न धाराओं में थाना दातागंज पर मुकदमा दर्ज है। गिरफ्तार अभियुक्तों को न्यायालय में पेश किया गया।
वहीं जनपद के अन्य थाना क्षेत्रों में भी पुलिस द्वारा कार्रवाई जारी रही। थाना उसहैत पुलिस ने वांछित अभियुक्त अनिल कुमार पुत्र नन्हे कश्यप एवं अभियुक्ता आरती पत्नी विवेक कुमार निवासी कटरा सआदतगंज को गिरफ्तार किया। दोनों के खिलाफ आयुध अधिनियम सहित अन्य धाराओं में मुकदमा दर्ज है।
इसके अलावा शांति व्यवस्था बनाए रखने के लिए थाना बिसौली पुलिस ने मोहरपाल निवासी नागपुर को गिरफ्तार किया। वहीं थाना वजीरगंज पुलिस ने वीर सिंह, अमनेन्द्र उर्फ पिंकू तथा रविंद्र निवासी मकरंदपुर को शांति भंग की आशंका में गिरफ्तार कर न्यायालय में पेश किया।
जनपद पुलिस द्वारा अपराधियों के खिलाफ लगातार अभियान चलाकर सख्त कार्रवाई की जा रही है।
























