आंधी तूफान में लखनऊ चारबाग रेलवे स्टेशन के प्लेटफार्म 5 पर गिरा टीन शेड टीटीई समेत चार लोग गंभीर घायल
मुजीब खान
लखनऊ । उत्तर प्रदेश की राजधानी लखनऊ के चारबाग स्टेशन पर आज सुबह उस समय बड़ा हादसा हो गया जब अचानक आए तेज आंधी तूफान ने रेलवे स्टेशन के प्लेटफार्म नंबर पांच के एक बड़े टीन शेड को घास के तिनके की तरह उखाड़ कर उड़ा दिया जमीन पर गिरने के बाद हादसे में टीटीई सहित चार लोग उसके नीचे दबकर घायल हो गए जिन्हें मौजूद फोर्स ने कड़ी मशक्कत के बाद बाहर निकाला और अस्पताल में भर्ती कराया हादसे से पहले प्लेटफार्म पर निर्माण कार्य चल रहा था।
डीआरएम लखनऊ ने बताया कि आज सुबह करीब 8:00 बजे चारबाग रेलवे स्टेशन के प्लेटफॉर्म नंबर 5 पर प्लेटफॉर्म शेड का एक हिस्सा गिर गया, जिससे तीन लोग घायल हो गए आर पी एफ कर्मियों ने तुरंत उन सभी को सुरक्षित बाहर निकाल लिया तीनों घायल व्यक्तियों को आलमबाग स्थित अजंता अस्पताल में भर्ती कराया गया है।
उन्होंने बताया कि मंडल रेल प्रबंधक ने अस्पताल जाकर घायलों का हालचाल जाना रेलवे की एक मेडिकल टीम भी उनकी सहायता कर रही है। स्टेशन पर एक एयर- कॉन्कोर्स का निर्माण कार्य चल रहा है, जिसके चलते 15 मई से 23 जून, 2026 तक यात्री ट्रेनों के लिए प्लेटफॉर्म नंबर 4 को बंद कर दिया गया है। जिम्मेदार एजेंसी और रेलवे कर्मचारियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाएगी।
कांग्रेस ने सरकार पर साधा निशाना
उत्तर प्रदेश कांग्रेस कमेटी के नेहरू भवन, माल एवेन्यू स्थित कार्यालय में आयोजित प्रेस वार्ता में मीडिया विभाग के चेयरमैन एवं पूर्व मंत्री डॉ. सी.पी. राय ने प्रदेश की बदहाल व्यवस्थाओं को लेकर सरकार पर निशाना साधा। उन्होंने कहा कि चारबाग रेलवे स्टेशन पर शेड गिरने और हमीरपुर में पुल ढहने जैसी घटनाएं सरकारी लापरवाही को उजागर करती हैं। डॉ. राय ने प्रदेश की सड़कों और बुनियादी ढांचे की स्थिति पर टिप्पणी करते हुए कहा कि कई रास्तों की हालत इतनी खराब है कि गर्भवती महिला का रास्ते में ही प्रसव हो जाए। उन्होंने आरोप लगाया कि सरकार विकास के दावे तो कर रही है, लेकिन जमीनी स्तर पर आम लोगों को मूलभूत सुविधाएं तक नहीं मिल पा रही हैं। कांग्रेस नेताओं ने हादसों की उच्चस्तरीय जांच और जिम्मेदार अधिकारियों पर कार्रवाई की मांग की।
























