जौनपुर।सिंगरामऊ में सैलून के अंदर युवक पर जानलेवा हमला, बाइक सवार नकाबपोश बदमाशों ने की फायरिंग, मची अफरा-तफरी

सिंगरामऊ में सैलून के अंदर युवक पर जानलेवा हमला, बाइक सवार नकाबपोश बदमाशों ने की फायरिंग, मची अफरा-तफरी

जौनपुर। बदलापुर तहसील अंतर्गत सिंगरामऊ थाना क्षेत्र में शुक्रवार दोपहर उस समय सनसनी फैल गई जब मेढ़ा मोड़ स्थित एक सैलून में बैठे युवक पर बाइक सवार नकाबपोश बदमाशों ने जानलेवा फायरिंग कर दी। हमले में युवक बाल-बाल बच गया, जबकि घटना के बाद पूरे इलाके में दहशत फैल गई।

प्राप्त जानकारी के अनुसार रामीपुर गांव निवासी आशीष मिश्रा मेढ़ा मोड़ स्थित एक सैलून में शेविंग करा रहे थे। इसी दौरान दो अज्ञात युवक बाइक से वहां पहुंचे और बिना किसी चेतावनी के उन पर गोलियां चलानी शुरू कर दीं। बताया जा रहा है कि पहली गोली आशीष मिश्रा के बेहद करीब से गुजरते हुए सैलून की दीवार में जा लगी, जबकि दूसरी गोली निशाना चूक गई।

अचानक हुई फायरिंग से सैलून में मौजूद लोगों में अफरा-तफरी मच गई और आसपास के क्षेत्र में भगदड़ जैसी स्थिति बन गई। शोरगुल सुनकर स्थानीय लोग मौके की ओर दौड़े, लेकिन तब तक हमलावर बाइक से रतासी बाजार की दिशा में फरार हो चुके थे।

घटना की सूचना मिलते ही डायल 112 और सिंगरामऊ पुलिस मौके पर पहुंची और घटनास्थल का निरीक्षण किया। पुलिस ने आसपास के लोगों से पूछताछ शुरू कर दी है तथा मौके से मिले साक्ष्यों के आधार पर जांच को आगे बढ़ाया जा रहा है।

थाना प्रभारी सैय्यद हसनैन मुंतजार ने बताया कि मामला प्रथम दृष्टया किसी पुराने विवाद से जुड़ा प्रतीत हो रहा है। पुलिस सभी पहलुओं पर जांच कर रही है और आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए दबिश दी जा रही है। घटना के बाद क्षेत्र में सुरक्षा व्यवस्था कड़ी कर दी गई है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *