पूर्वांचल एक्सप्रेस वे पर स्विप्ट डिजायर कार पार्सल वाहन में घुसी, 5 की मौत
आजमगढ़। कंधरापुर थानांतर्गत पूर्वांचल एक्सप्रेस वे पर शनिवार को एक दर्दनाक सड़क हादसे में पांच लोगों की मौके पर ही मौत हो गई। यह हादसा एक्सप्रेसवे के किलोमीटर संख्या 238.5 के पास उस समय हुआ जब एक तेज रफ्तार स्विफ्ट डिजायर कार आगे चल रहे पार्सल वाहन में पीछे से जा घुस गई। सूचना पर DM रविंद्र कुमार और SP डॉ अनिल कुमार भी अस्पताल और पोस्टमॉर्टम हाउस पहुंचे।
जानकारी के अनुसार पार्सल वाहन संख्या RJ 09 GB 6297 गाजीपुर से लखनऊ की ओर जा रहा था। इसी दौरान पीछे से आ रही स्विफ्ट डिजायर कार संख्या HR 51 CW 5271 अनियंत्रित होकर वाहन से टकरा गई। टक्कर इतनी जबरदस्त थी कि कार पूरी तरह क्षतिग्रस्त हो गई और उसमें सवार सभी पांच लोगों की मौके पर ही मौत हो गई।
हादसे की सूचना मिलते ही कंधरापुर थाना पुलिस मौके पर पहुंची और राहत एवं बचाव कार्य शुरू किया। घटना की गंभीरता को देखते हुए उच्चाधिकारी भी मौके पर पहुंच गए। पुलिस ने शवों को कब्जे में लेकर पहचान कराने और पोस्टमार्टम की कार्रवाई शुरू कर दी है।
प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार टक्कर इतनी भीषण थी कि कार के परखच्चे उड़ गए। हादसे के बाद कुछ समय के लिए एक्सप्रेसवे पर यातायात बाधित रहा, जिसे पुलिस ने बाद में सामान्य कराया। मामले की जांच जारी है। मृतकों में
1-मनीष कुमार श्रीवास्तव पुत्र प्रेम कुमार उम्र 43 वर्ष
2-कंचन देवी पत्नी मनीष कुमार श्रीवास्तव उम्र 40 वर्ष
3-आस्था कुमारी पुत्री मनीष कुमार श्रीवास्तव उम्र 16 वर्ष
4-अदिति पुत्री मनीष कुमार उम्र 11 वर्ष
5- इसके अतिरिक्त एक नाम पता अज्ञात पुरुष उम्र लगभग 20 वर्ष समस्तनिवासी गण ग्राम गयासपुर थाना सिसवन जिला सिवान बिहार























