मऊ/ लखनऊ।विश्व धरोहर दिवस पर मऊ में मंत्री ने किया पौधारोपण, दिया पर्यावरण संरक्षण का संदेश

विश्व धरोहर दिवस पर मऊ में मंत्री ने किया पौधारोपण, दिया पर्यावरण संरक्षण का संदेश

पेड़ हैं जीवन का आधार, अधिक से अधिक वृक्षारोपण करें : ए.के. शर्मा

मऊ/ लखनऊ। विश्व धरोहर दिवस के अवसर पर उत्तर प्रदेश के नगर विकास एवं ऊर्जा मंत्री ए.के. शर्मा ने शनिवार को मऊ स्थित मंगलम भवन परिसर में पौधारोपण कर कार्यक्रम का शुभारंभ किया। इस दौरान उन्होंने पर्यावरण संरक्षण का संदेश देते हुए लोगों से अधिक से अधिक वृक्षारोपण करने तथा प्रकृति के प्रति अपनी जिम्मेदारी निभाने की अपील की।

मंत्री श्री शर्मा ने कहा कि पेड़-पौधे मानव जीवन के आधार हैं, क्योंकि यही हमें शुद्ध ऑक्सीजन प्रदान करते हैं और पर्यावरण को संतुलित बनाए रखते हैं। उन्होंने कहा कि प्रत्येक नागरिक को अपने जीवन में अधिक से अधिक पौधे लगाने और उनकी नियमित देखभाल का संकल्प लेना चाहिए।

उन्होंने कहा कि स्वच्छ पर्यावरण से ही शुद्ध वायु प्राप्त होती है और शुद्ध वायु से ही स्वस्थ जीवन संभव है। स्वस्थ व्यक्ति ही समाज और राष्ट्र के विकास में प्रभावी योगदान दे सकता है। इसलिए पर्यावरण संरक्षण को जनआंदोलन का रूप देना समय की आवश्यकता है। उन्होंने कहा कि पर्यावरण हमारी अमूल्य धरोहर है, जिसे हमें आने वाली पीढ़ियों के लिए सुरक्षित रखना है। यह केवल सरकार की जिम्मेदारी नहीं, बल्कि प्रत्येक नागरिक का सामूहिक दायित्व है।

कार्यक्रम में नगर पालिका के अधिशासी अधिकारी, विभिन्न विभागों के अधिकारी, जनप्रतिनिधि एवं बड़ी संख्या में स्थानीय नागरिक उपस्थित रहे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *