रामनवमी शोभायात्रा में दिखी गंगा-जमुनी तहज़ीब, मुस्लिम महिलाओं ने बरसाए फूल
शरद बिंद/ भदोही।
दुर्गागंज/भदोही। अभोली ब्लॉक के जोधापुर गांव में शुक्रवार को रामनवमी के पावन अवसर पर निकाली गई भव्य शोभायात्रा में सामाजिक सौहार्द और गंगा-जमुनी तहज़ीब की सुंदर मिसाल देखने को मिली। शोभायात्रा के दौरान मुस्लिम समुदाय की महिलाओं द्वारा रामभक्तों पर फूल बरसाकर हिंदू-मुस्लिम एकता और भाईचारे का संदेश दिया गया, जिसकी क्षेत्र में खूब सराहना हो रही है।
गांव स्थित चौरा माता मंदिर से बड़े ही धूमधाम के साथ शोभायात्रा का शुभारंभ हुआ। शोभायात्रा में शामिल श्रद्धालु हाथों में धर्म ध्वजा लिए और भगवा पगड़ी बांधे हुए पूरे जोश और उत्साह के साथ चल रहे थे। डीजे की धुन पर युवा और बच्चे जमकर नृत्य कर रहे थे, वहीं महिलाएं भी बड़ी संख्या में शामिल होकर धार्मिक उत्साह में सराबोर दिखीं।
शोभायात्रा जैसे ही गांव के मुस्लिम बस्ती क्षेत्र में पहुंची, वहां पहले से मौजूद मुस्लिम समुदाय के लोगों ने गर्मजोशी से स्वागत किया। इस दौरान मुस्लिम महिलाओं ने छतों और दरवाजों से फूलों की वर्षा कर रामभक्तों का अभिनंदन किया। इस दृश्य ने सभी का मन मोह लिया और पूरे क्षेत्र में आपसी भाईचारे का सशक्त संदेश प्रसारित हुआ।
“जय श्रीराम” के गगनभेदी नारों से पूरा इलाका गूंज उठा। शोभायात्रा पूरे गांव का भ्रमण करते हुए पुनः मंदिर परिसर में संपन्न हुई।
इस अवसर पर जिला पंचायत सदस्य मुनेश्वर प्रसाद गुप्ता, मुन्ना सिंह, रमाशंकर विश्वकर्मा, हाजी कमरुद्दीन, महेंद्र सिंह, शिव आसरे चौहान सहित कई गणमान्य लोग मौजूद रहे। प्रशासन की ओर से भी सुरक्षा के पुख्ता इंतजाम किए गए थे, जिससे कार्यक्रम शांतिपूर्ण ढंग से संपन्न हुआ।
ग्रामीणों का कहना है कि इस तरह के आयोजन समाज में प्रेम, सौहार्द और एकता को मजबूत करते हैं और आने वाली पीढ़ियों के लिए सकारात्मक संदेश छोड़ते हैं।
























