शाहजहांपुर।कोहरे का कहर : रोडवेज बस से टकराई अर्टिगा कार लखीमपुर के तीन युवकों की मौत एक युवक गंभीर घायल

कोहरे का कहर : रोडवेज बस से टकराई अर्टिगा कार लखीमपुर के तीन युवकों की मौत एक युवक गंभीर घायल

जनपद के जलालाबाद – फर्रुखाबाद हाइवे पर घने कोहरे के कारण सुबह 7 बजे हुआ बड़ा हादसा

मुजीब खान

शाहजहांपुर । मार्च माह में दिसम्बर माह की तरह भीषण कोहरा छाने के कारण आज जनपद के जलालाबाद – फर्रुखाबाद हाइवे पर एक बड़ा हादसा हो गया हादसे में रोडवेज बस और अर्टिगा कार में भीषण भिड़ंत हो जाने पर कार में सवार जनपद लखीमपुर निवासी तीन युवकों की मौके पर ही मौत हो गई जबकि चौथा साथी गंभीर रूप से घायल है जिसे पुलिस द्वारा मेडिकल कालेज भर्ती कराया गया है हाइवे पर आज सुबह सात बजे के आसपास हुए हादसे के कारण यातायात भी अवरुद्ध हो गया मौके पर पहुंची पुलिस ने स्थानीय लोगों की मदद से राहत बचाव कार्य शुरू करते हुए वाहन में फंसे शवों को बाहर निकलवाकर दोनों वाहनों को हटवाकर यातयात सुचारू करवाया ।

जानकारी के अनुसार बरेली डिपो की बस बरेली की ओर से आ रही थी तभी अल्हागंज थाना क्षेत्र में सुगसुगी पुलिया के पास सामने से आ रही अर्टिगा कार से उसकी जोरदार भिड़ंत हो गई। प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार टक्कर इतनी भीषण थी कि कार के परखच्चे उड़ गए। हादसे की आवाज सुनकर आसपास के ग्रामीण मौके पर दौड़ पड़े। कार में सवार लोग बुरी तरह फंसे हुए थे। सूचना मिलते ही अल्हागंज थाना पुलिस मौके पर पहुंची। थाना प्रभारी ओमप्रकाश ने बताया कि तीन लोगों की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि एक व्यक्ति गंभीर रूप से घायल है। घायल की हालत इतनी नाजुक बताई जा रही है कि वह बोल पाने की स्थिति में नहीं है। शवों का पंचनामा भरकर पोस्टमार्टम की प्रक्रिया शुरू की गई है। पुलिस के अनुसार कार आगरा नंबर की है, जबकि सवारों के लखीमपुर के अलग-अलग इलाकों का रहने वाला होने की संभावना जताई जा रही है। फिलहाल पहचान की कोशिश जारी है। मृतकों में अरुण (30) ऋषभ (32) और संजय (34) शामिल हैं। वहीं घायलों में अनिल पौद और गौरव हैं। दोनो को फर्रुखाबाद रेफर किया गया है। ये दोनों भी कार में सवार थे। हादसे के बाद हाईवे पर दोनों ओर वाहनों की लंबी कतार लग गई। पुलिस और स्थानीय लोगों को कार में फंसे शवों को बाहर निकालने में काफी मशक्कत करनी पड़ी। राहत कार्य के दौरान यातायात को कुछ समय के लिए डायवर्ट किया गया। करीब एक घंटे बाद मार्ग को आंशिक रूप से सुचारु कराया जा सका। घटना के बाद क्षेत्र में शोक और दहशत का माहौल है। आसपास के ग्रामीणों का कहना है कि इस पुलिया के पास पहले भी कई हादसे हो चुके हैं। पुलिस ने मामले की जांच शुरू कर दी है। शुरुआती तौर पर तेज रफ्तार को हादसे की वजह माना जा रहा है, हालांकि अन्य पहलुओं पर भी जांच की जा रही है। बस चालक और परिचालक से पूछताछ की जा रही है। वहीं, मृतकों के परिजनों से संपर्क साधने की कोशिश की जा रही है। एक बार फिर इस हादसे ने हाईवे पर बढ़ती रफ्तार और लापरवाही पर सवाल खड़े कर दिए हैं। प्रशासन की अपील है कि वाहन चालक सावधानी से वाहन चलाएं, ताकि ऐसे दर्दनाक हादसों को रोका जा सके।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *