
दिशा की बैठक में रितेश रंजन ने उठाए ज्वलंत मुद्दे, योजनाओं में अनियमितता पर जताई चिंता
राकेश कुमार यादव, सहरसा (बिहार)।सहरसा जिले में आयोजित दिशा (जिला विकास समन्वय एवं निगरानी समिति) की बैठक में सिमरी बख्तियारपुर क्षेत्र से जुड़ी ज्वलंत जनसमस्याएं प्रमुखता से उठीं। बैठक में सरकारी योजनाओं के क्रियान्वयन, लाभुकों को मिल रहे लाभ, खेल मैदान की दुर्दशा और पेयजल संकट जैसे अहम मुद्दों पर विस्तार से चर्चा की गई।
बैठक में उपस्थित सांसद प्रतिनिधि सह भाजपा नेता रितेश रंजन ने कहा कि लोहिया पेंशन सहित अन्य जनकल्याणकारी योजनाओं में पिक एंड यूज के नाम पर लाभुकों से अवैध वसूली की शिकायतें लगातार सामने आ रही हैं। इससे वास्तविक गरीब और पात्र लाभुक योजनाओं का लाभ लेने से वंचित रह जा रहे हैं। उन्होंने ऐसी अनियमितताओं पर सख्त कार्रवाई की मांग करते हुए प्रत्येक वार्ड में शिविर लगाकर पात्र लाभुकों को सीधे योजनाओं का लाभ देने की बात कही।
रितेश रंजन ने सिमरी बख्तियारपुर स्थित हाई स्कूल मैदान की बदहाल स्थिति पर भी बैठक का ध्यान आकृष्ट कराया। उन्होंने कहा कि यह मैदान क्षेत्र के युवाओं के लिए खेल गतिविधियों का प्रमुख केंद्र रहा है, लेकिन वर्तमान में सामाजिक एवं अन्य आयोजनों के कारण खेलकूद प्रभावित हो रहा है। उन्होंने मैदान के चारों ओर चाहरदीवारी निर्माण कर उसे सुरक्षित रखने और खेल के लिए अनुकूल वातावरण उपलब्ध कराने की मांग की।
बैठक में सिमरी बख्तियारपुर क्षेत्र के कई वार्डों में व्याप्त पेयजल संकट का मुद्दा भी जोरदार ढंग से उठाया गया। विशेष रूप से वार्ड संख्या 15 के रामजानकी स्थान परिसर सहित आसपास के इलाकों में नल-जल योजना के बावजूद पर्याप्त जलापूर्ति नहीं होने से लोगों को भारी परेशानी का सामना करना पड़ रहा है। इस पर संबंधित विभागों से जलापूर्ति व्यवस्था में शीघ्र सुधार सुनिश्चित करने की मांग की गई।
सांसद प्रतिनिधि रितेश रंजन ने कहा कि दिशा की बैठक का उद्देश्य केवल योजनाओं की समीक्षा तक सीमित नहीं है, बल्कि जमीनी स्तर पर सामने आ रही समस्याओं का समाधान सुनिश्चित करना भी है। उन्होंने अधिकारियों से सभी मामलों पर गंभीरता से विचार करते हुए समयबद्ध कार्रवाई करने की मांग की। बैठक में मौजूद विभागीय अधिकारियों ने उठाए गए मुद्दों पर आवश्यक कार्रवाई और शीघ्र समाधान का आश्वासन दिया। बैठक में अन्य जनप्रतिनिधि और अधिकारी भी उपस्थित रहे।
























