Monday, February 16

जौनपुर।पूर्वांचल विश्वविद्यालय में एनसीसी कैडेटों को बड़ी सौगात

पूर्वांचल विश्वविद्यालय में एनसीसी कैडेटों को बड़ी सौगात

अत्याधुनिक फायरिंग रेंज व हाईटेक आब्स्टिकल ट्रेनिंग एरिया का हुआ उद्घाटन

जौनपुर।वीर बहादुर सिंह पूर्वांचल विश्वविद्यालय ने एनसीसी कैडेटों को बड़ी सौगात देते हुए विश्वविद्यालय परिसर में अत्याधुनिक फायरिंग रेंज एवं हाईटेक आब्स्टिकल ट्रेनिंग एरिया का शुभारंभ किया। बुधवार को कुलपति प्रो. वंदना सिंह एवं एनसीसी ग्रुप कमांडर वी.के. पंजियार ने संयुक्त रूप से फीता काटकर इन सुविधाओं का उद्घाटन किया।

इस अवसर पर एनसीसी ग्रुप कमांडर वी.के. पंजियार ने कहा कि विश्वविद्यालय में निर्मित फायरिंग रेंज पूरी तरह सुरक्षित और आधुनिक सुविधाओं से युक्त है, जिससे कैडेटों को उच्चस्तरीय प्रशिक्षण प्राप्त होगा। इससे वे अनुशासित, सक्षम एवं कुशल नेतृत्वकर्ता के रूप में विकसित होंगे।

उन्होंने बताया कि यहां निर्मित आब्स्टिकल ट्रेनिंग एरिया अपने प्रकार का अत्याधुनिक और सबसे बड़ा प्रशिक्षण क्षेत्र है, जो कैडेटों को भविष्य में सशस्त्र सेवाओं तक पहुंचने के लिए मजबूत आधार प्रदान करेगा।

कुलपति प्रो. वंदना सिंह ने कहा कि विश्वविद्यालय विद्यार्थियों के सर्वांगीण विकास हेतु निरंतर प्रयासरत है। फायरिंग रेंज और ट्रेनिंग एरिया की शुरुआत इसी दिशा में एक महत्वपूर्ण कदम है। एनसीसी के माध्यम से छात्र-छात्राओं में एकता, अनुशासन और राष्ट्रसेवा की भावना विकसित होती है।

विश्वविद्यालय परिसर में 98 यूपी बटालियन एनसीसी, जौनपुर के तत्वावधान में कंबाइंड एनुअल ट्रेनिंग कैंप–331 का आयोजन 15 जनवरी से 24 जनवरी तक किया जा रहा है। इस दौरान कैंप कमांडेंट कर्नल आलोक सिंह धर्मराज के नेतृत्व में ग्रुप कमांडर को गार्ड ऑफ ऑनर दिया गया तथा कैडेटों द्वारा ड्रिल एवं परेड का शानदार प्रदर्शन किया गया।

निरीक्षण के दौरान ग्रुप कमांडर ने एमआई रूम, कार्यालय, आवासीय परिसर, भोजनालय सहित कैंप की समस्त व्यवस्थाओं का जायजा लिया। कैंप में कैडेटों को डिस्टेंस जजिंग, ओटी ट्रेनिंग, फायरिंग एवं मैप रीडिंग जैसी महत्वपूर्ण प्रशिक्षण गतिविधियाँ कराई जा रही हैं।

कार्यक्रम के अंत में उत्कृष्ट प्रदर्शन करने वाले कैडेटों को कुलपति एवं ग्रुप कमांडर द्वारा मेडल पहनाकर सम्मानित किया गया। इस अवसर पर कीर्ति चक्र से सम्मानित पुष्विंदर सिंह की विशेष उपस्थिति रही।

इस मौके पर कुलसचिव केश लाल, प्रो. अजय द्विवेदी, प्रो. मनोज मिश्र, प्रो. राजकुमार, मेजर आर.पी. सिंह, लेफ्टिनेंट जितेश सिंह, लेफ्टिनेंट चित्रसेन गुप्ता, कैप्टन विनय सरोज, विनोद मिश्र, इन्द्रेश, सूबेदार मेजर केपी सिंह, बीएचएम राजीव कुमार, सूबेदार बलवीर, हवलदार तरविंदर, गर्ल्स कैडेट इंस्ट्रक्टर रुचि यादव, एनसीसी प्रभारी डॉ. मनोज कुमार पाण्डेय, डॉ. दिग्विजय सिंह राठौर, उपकुलसचिव अजीत प्रताप सिंह, सहायक कुलसचिव (एनसीसी) श्रीमती सरला देवी सहित अनेक गणमान्य लोग उपस्थित रहे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *