
सहकार भारती का 48वां स्थापना दिवस, 65 संगठन हुए सम्मानित
जौनपुर। सहकार भारती का 48वां स्थापना दिवस एवं सम्मान समारोह टीडी इंटर कॉलेज के मारकंडेय सिंह सभागार में कुंवर प्रदीप सिंह रिंकू की अध्यक्षता में आयोजित हुआ। कार्यक्रम की शुरुआत सहकार भारती के संस्थापक लक्ष्मण राव इनामदार व भारत माता के चित्र पर माल्यार्पण और दीप प्रज्वलन से हुई। मुख्य अतिथि गिरीश चंद्र यादव ने कहा कि सहकारिता के माध्यम से समाज को आर्थिक रूप से मजबूत और आत्मनिर्भर बनाया जा सकता है। आरएसएस प्रांत कार्यवाह मुरली पाल ने स्वावलंबी भारत अभियान के तहत सहकार भारती के कार्यों की सराहना की। जिला सहकारी बैंक अध्यक्ष कुंवर वीरेंद्र प्रताप सिंह ने कहा कि सहकारिता से हर परिवार को समृद्ध बनाया जा सकता है। समारोह में सहकारिता, सामाजिक और धार्मिक क्षेत्र में अच्छा कार्य करने वाले 65 संगठनों को सम्मानित किया गया। विभाग सहसंयोजक अनिल पांडे ने संगठन के कार्यों पर प्रकाश डाला। जिला अध्यक्ष प्रदीप सिंह रिंकू ने अतिथियों का स्वागत किया। महामंत्री रजनी साहू व उपाध्यक्ष अर्चना सिंह ने सहकार गीत प्रस्तुत किया। कार्यक्रम का संचालन अर्चना सिंह व अतुल सिंह ने किया। बड़ी संख्या में गणमान्य लोग मौजूद रहे।

