Monday, February 16

जौनपुर।बांग्लादेश में हिंदू युवक की नृशंस हत्या के विरोध में जौनपुर में पुतला दहन, जमकर नारेबाजी

बांग्लादेश में हिंदू युवक की नृशंस हत्या के विरोध में जौनपुर में पुतला दहन, जमकर नारेबाजी

जौनपुर। बांग्लादेश में हिंदू युवक दीपू चंद्र दास की सरेआम नृशंस हत्या के विरोध में सोमवार को जौनपुर जिले के नईगंज तिराहे पर विभिन्न हिंदू संगठनों ने विरोध प्रदर्शन किया। प्रदर्शनकारियों ने बांग्लादेश सरकार का पुतला दहन कर जमकर नारेबाजी की और घटना की कड़ी निंदा की।

प्रदर्शन के दौरान उपस्थित लोगों ने कहा कि बांग्लादेश में अल्पसंख्यक हिंदुओं पर लगातार अत्याचार हो रहे हैं, जिनकी अनदेखी अंतरराष्ट्रीय स्तर पर की जा रही है। देशभर में इस घटना को लेकर भारी आक्रोश है और जगह-जगह विरोध प्रदर्शन किए जा रहे हैं।

हिंदू संगठनों ने नारेबाजी करते हुए कहा कि दीपू चंद्र दास की जिस निर्ममता से हत्या की गई है, वह मानवता को शर्मसार करने वाली है और इसकी जितनी निंदा की जाए कम है।

इस मौके पर भाजपा युवा मोर्चा के मण्डल अध्यक्ष बदलापुर नीलेश सिंह ने संयुक्त राष्ट्र संगठन (यूएनओ) पर सवाल उठाते हुए कहा कि भारत में छोटी-छोटी घटनाओं पर टिप्पणी करने वाला यूएनओ बांग्लादेश में पिछले कई महीनों से हो रही हिंदुओं की नृशंस हत्याओं पर चुप्पी साधे हुए है। उन्होंने कहा कि यदि यूएनओ मानवाधिकारों की रक्षा नहीं कर सकता तो उसे झूठे मानवाधिकारों की बात करना बंद कर देना चाहिए।

प्रदर्शनकारियों ने भारत सरकार से भी इस मामले में कूटनीतिक हस्तक्षेप की मांग की और कहा कि बांग्लादेश में हिंदुओं की सुरक्षा सुनिश्चित की जानी चाहिए।

इस अवसर पर नीलेश सिंह, अंकित उपाध्याय, सिद्धार्थ सिंह, सुजीत सिंह सहित बड़ी संख्या में लोग मौजूद रहे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *