इंटेलीस्मार्ट इन्फ्रा ने शाहजहांपुर में युवाओं के लिए आयोजित किया कैंपस प्लेसमेंट
रौजा राजकीय औद्योगिक प्रशिक्षण संस्थान (आईटीआई) में हुआ कार्यक्रम
एडीएम अरविंद कुमार, बीजेपी महानगर अध्यक्ष शिल्पी गुप्ता, पार्षद अरुण सिंह ने किया शुभारंभ
शाहजहांपुर। योगेंद्र यादव
रौजा स्थित राजकीय औद्योगिक प्रशिक्षण संस्थान (आईटीआई) में गुरुवार को इंटेलीस्मार्ट की ओर से कैंपस प्लेसमेंट का आयोजन किया गया। इस कैंपस प्लेसमेंट की प्रक्रिया के शुरू होने से पहले एक ट्रेनिंग सेशन रखा गया। जिसको ‘स्टूडेंट ट्रेनिंग इन इलेक्ट्रीशियन प्रोग्राम’ (STEP) का नाम दिया गया है। इसमें बिजली कार्यों से जुड़ी सुरक्षा और तकनीकी जानकारियां विशेषज्ञों द्वारा छात्रों को उपलब्ध कराई गईं। ट्रेनिंग के बाद इच्छुक उम्मीदवारों की प्लेसमेंट प्रक्रिया शुरू की गई। 
कार्यक्रम का शुभारंभ अपर जिलाधिकारी अरविंद कुमार (वित्त एवं राजस्व), बीजेपी महानगर अध्यक्ष शिल्पी गुप्ता और निवाजपुर के पार्षद अरुण कुमार सिंह ने किया। अपर जिलाधिकारी अरविंद कुमार ने कहा कि ये शाहजहांपुर के लिए गर्व की बात है कि ‘आज देश की अग्रणी ऊर्जा कंपनियां हमारे जिले के छात्रों को रोजगार के अवसर दे रही हैं। मैं यहां उपस्थित हर छात्र से ये कहना चाहता हूं कि आपको इस अवसर को छोड़ना नहीं है, बल्कि कड़ी मेहनत और ईमानदारी से काम कर के अपने परिवार, गांव और जिले का नाम रोशन करना है।’
बीजेपी महानगर अध्यक्ष शिल्पी गुप्ता ने कहा कि ‘ये बीजेपी की डबल इंजन की सरकार के प्रयासों का परिणाम है कि आज हर हाथ को रोजगार और सम्मान मिल रहा है। पूर्व की सरकारों में तो उद्योगपति यूपी आने से भी कतराते थे। इसलिए अब आप सभी को मन लगाकर काम करना है और अपने शाहजहांपुर को और समृद्ध बनाना है।’
प्लेसमेंट ऑफिसर ब्रम्हपाल सिंह ने बताया कि ‘इस प्लेसमेंट ड्राइव में आईटीआई के इलेक्ट्रीशियन, इलेक्ट्रॉनिक मैकेनिक, वायरमैन और इलेक्ट्रीशियन पॉवर डिस्ट्रीब्यूशन ट्रेड्स के 135 छात्र शामिल हुए। जिनमें से 43 छात्रों को ऑफर लेटर दिए जाएंगे। इस अवसर पर आईटीआई सहायक प्लेसमेंट अधिकरी प्रशांत कुमार, अनुदेशक संजय कुमार सिंह भी मौजूद रहे।
देश की अग्रणी कंपनी इंटेलीस्मार्ट इन्फ्रास्ट्रक्चर युवाओं को इलेक्ट्रीशियन की नि:शुल्क ट्रेनिंग दे रही है। इस प्रशिक्षण का उद्देश्य आईटीआई के छात्रों को नवीनतम ऊर्जा क्षेत्र की तकनीकों और आवश्यक सुरक्षा प्रक्रियाओं में व्यावहारिक कौशल प्रदान करना है। इस कार्यक्रम के तहत, इंटेलीस्मार्ट का लक्ष्य अगले तीन वर्षों में पूरे भारत में 10,000 युवाओं को प्रशिक्षित करना है। इंटेलीस्मार्ट को उत्तर प्रदेश में 93 लाख स्मार्ट मीटर लगाने का काम दिया गया है।
‘स्टेप’ एक सराहनीय पहल है, जिसका उद्देश्य कौशल विकास को बढ़ावा देना और ऊर्जा क्षेत्र में युवाओं की रोज़गार दक्षता को बढ़ाना है। आने वाले समय में, यह कार्यक्रम सभी राज्यों में लागू किए जाएंगे।
इंटेलीस्मार्ट के अधिकारियों का कहना है कि उत्तर प्रदेश, जो अपनी उद्यमशीलता की भावना और उभरते उद्यमों के लिए जाना जाता है, ‘स्टेप’ जैसे कार्यक्रम के लिए एक आदर्श पृष्ठभूमि प्रदान करता है, जिसका उद्देश्य शिक्षा और रोज़गार क्षमता के बीच की खाई को पाटना है।
इस तरह के प्रशिक्षण आयोजित करने में रुचि रखने वाले लोग, इंटेलीस्मार्ट से संपर्क कर सकते हैं।
step@intellismartinfra.in
























