मुड़फोरवा मार्ग पर नाला न होने से जलभराव, ग्रामीणों ने किया प्रदर्शन।
राजनारायण यादव /भदोही।
सुरियवा विकास खण्ड के दारा पट्टी से मुड़फोरवा जाने वाले मार्ग पर चौरंगी चौराहे के पास नाला न होने के कारण बारिश का पानी सड़क पर जमा हो जाता है, जिससे मार्ग क्षतिग्रस्त हो गया है। इस जलभराव और टूटी सड़क के कारण राहगीरों को भारी परेशानी का सामना करना पड़ रहा है। स्थानीय ग्रामीणों ने बताया कि इस समस्या से निजात पाने के लिए कई बार प्रशासन से मार्ग की मरम्मत और नाला निर्माण की मांग की गई, लेकिन कोई कार्रवाई नहीं हुई।
इसी के विरोध में मंगलवार को ग्रामीणों ने चौरंगी चौराहे पर प्रदर्शन कर अपना रोष जताया। प्रदर्शन में राजेश सेठ, धीरज माली, पंकज कनौजिया, कुल्लू वर्मा, सोनू माली, नितेश माली, चंदन सहित बड़ी संख्या में ग्रामीण शामिल रहे। प्रदर्शनकारियों ने प्रशासन से शीघ्र नाला निर्माण और सड़क मरम्मत की मांग की। ग्रामीणों का कहना है कि यदि जल्द समस्या का समाधान नहीं हुआ तो वे उग्र आंदोलन करने को बाध्य होंगे। इस प्रदर्शन से क्षेत्र में चर्चा का माहौल गर्म है, और प्रशासन पर त्वरित कार्रवाई का दबाव बढ़ गया है।
























