सार्वजनिक रामलीला के तीसरे दिन ताड़का वध एवं यज्ञ रक्षा का प्रभावी मंचन
रामेश्वर प्रजापति
नगरा(बलिया)। सार्वजनिक रामलीला समिति के तत्वावधान में चल रही रामलीला के तीसरे दिन का मंचन दर्शकों के लिए अत्यंत रोचक और भावपूर्ण रहा।
लीला में विश्वामित्र ऋषि ने राजा दशरथ से भगवान श्रीराम और लक्ष्मण को अपने यज्ञ की रक्षा हेतु साथ ले जाने का आग्रह किया। मार्ग में ताड़का नामक भयानक राक्षसी का प्रकट होना हुआ, जिसने ऋषि-मुनियों को लंबे समय से सताया था। भगवान श्रीराम ने अपने पराक्रम से ताड़का का वध कर ऋषियों को भयमुक्त किया।
इसके उपरांत यज्ञ स्थल पर मारीच और सुबाहु राक्षसों का आगमन हुआ। श्रीराम ने अपने दिव्य बाणों से उनका भी संहार कर यज्ञ की सफल रक्षा की। इस प्रसंग में राम-लक्ष्मण की वीरता और धर्मरक्षा की झलक ने दर्शकों को अत्यधिक प्रभावित किया।
रामलीला मंचन देखने के लिए नगर एवं आसपास के क्षेत्रों से भारी संख्या में श्रद्धालु उपस्थित रहे। इस अवसर पर राजेश गुप्ता, रामायण ठाकुर, शशि प्रकाश कुशवाहा, रिंकू गुप्ता, राजू चौहान, हरे राम गुप्ता आदि गणमान्य लोग मौजूद रहे।
मुख्य सेवक के रूप में मनमोहन सिंह एवं विनय यादव ने संयुक्त रूप से भगवान श्रीराम की आरती की। समिति के पदाधिकारियों द्वारा सेवक के रूप में आए हुए सेवकों को अंगवस्त्र एवं स्मृति चिन्ह भेंट कर सम्मानित किया गया।

