Tuesday, December 16

भदोही।राजकीय बालिका हाई स्कूल अर्जुनपुर में पंख कार्यक्रम के तहत कैरियर गाइडेंस प्रदर्शनी का आयोजन।

राजकीय बालिका हाई स्कूल अर्जुनपुर में पंख कार्यक्रम के तहत कैरियर गाइडेंस प्रदर्शनी का आयोजन।

शरद बिंद/ भदोही।

जनपद के सुरियावा ब्लॉक के स्थित राजकीय बालिका हाई स्कूल अर्जुनपुर में पंख कार्यक्रम के अंतर्गत एक कैरियर गाइडेंस प्रदर्शनी का आयोजन किया गया। इस अवसर पर मुख्य अतिथि जिला समन्वयक प्रदीप पांडे ने मां सरस्वती की प्रतिमा पर माल्यार्पण और दीप प्रज्वलन कर कार्यक्रम का शुभारंभ किया। मुख्य अतिथि और अन्य गणमान्य व्यक्तियों का अंग वस्त्र और स्मृति चिन्ह भेंट कर स्वागत किया गया। कार्यक्रम का संचालन प्रभारी प्रधानाध्यापिका पुष्पांजलि शर्मा ने किया।

मुख्य अतिथि प्रदीप पांडे ने छात्राओं को संबोधित करते हुए कहा कि करियर निर्माण के लिए निरंतर मेहनत और समर्पण आवश्यक है। उन्होंने कहा, “आज यदि आप आठ घंटे मेहनत नहीं करेंगे, तो कल आपको बारह घंटे मजदूरी करनी पड़ सकती है। मजदूरी का अर्थ है मजे से दूरी।” उन्होंने बताया कि इंटरमीडिएट के बाद विद्यार्थी एक ऐसे चौराहे पर खड़े होते हैं, जहां से कई रास्ते निकलते हैं, लेकिन सही दिशा चुनने के लिए मार्गदर्शन जरूरी है। यही उद्देश्य इस प्रदर्शनी का है, जो छात्राओं को उनके भविष्य के लिए सही दिशा दिखाने में मदद करेगा।

विशिष्ट अतिथि शरद चंद्र बिंद ने प्रेरक शब्दों में कहा, “सपने उन्हीं के साकार होते हैं, जिनके सपनों में जान होती है। पंख से कुछ नहीं होता, हौसलों से उड़ान होती है।” उन्होंने छात्राओं को अपने लक्ष्यों के प्रति दृढ़ संकल्पित रहने की सलाह दी। कार्यक्रम में बेचन अली ने मेडिकल क्षेत्र में करियर की संभावनाओं और तैयारी के बारे में विस्तार से बताया, जबकि संध्या गुप्ता ने शिक्षा के क्षेत्र में अवसरों पर प्रकाश डाला।

प्रदर्शनी में शिक्षा, स्वास्थ्य, कानूनी सेवाएं, प्रशासनिक सेवाएं, चिकित्सा जैसे क्षेत्रों से संबंधित आकर्षक और जानकारीपूर्ण पोस्टर प्रदर्शित किए गए, जिन्हें देखकर छात्राओं ने विभिन्न करियर विकल्पों की जानकारी प्राप्त की। इस अवसर पर सहायक अध्यापिका पूजा साहनी, हेमा कुमारी, संदीप कुमार सहित अन्य शिक्षक और कर्मचारी उपस्थित रहे। कार्यक्रम में छात्राओं ने उत्साहपूर्वक भाग लिया और अपने भविष्य के लिए प्रेरित हुईं।

यह आयोजन छात्राओं को उनके करियर के प्रति जागरूक करने और सही मार्गदर्शन प्रदान करने में महत्वपूर्ण साबित हुआ।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *