
सुभासपा अकेले लड़ेगी त्रिस्तरीय चुनाव, संगठनात्मक समीक्षा बैठक में डॉ. अरविंद राजभर ने किया ऐलान।
जौनपुर ।सुहेलदेव भारतीय समाज पार्टी (सुभासपा) ने स्पष्ट कर दिया है कि वह आगामी त्रिस्तरीय पंचायत चुनाव उत्तर प्रदेश में अकेले लड़ेगी। यह ऐलान पार्टी के राष्ट्रीय प्रमुख महासचिव एवं पूर्व राज्य मंत्री डॉ. अरविंद राजभर ने जनपद स्तरीय संगठनात्मक समीक्षा बैठक के दौरान किया। जौनपुर स्थित एक स्थानीय सभागार में आयोजित इस बैठक में जिला, विधानसभा, ब्लॉक व बूथ स्तर के पदाधिकारियों ने भाग लिया।
बैठक को संबोधित करते हुए डॉ. राजभर ने कहा कि पार्टी का संगठन जमीनी स्तर पर सशक्त है और हम कार्यकर्ताओं की ताकत पर चुनाव मैदान में उतरेंगे। उन्होंने सभी पदाधिकारियों को निर्देशित किया कि संगठन के अधूरे गठन को 15 दिनों के भीतर हर हाल में पूरा किया जाए। साथ ही उन्होंने यह भी कहा कि पार्टी वर्तमान में जौनपुर जनपद की जफराबाद, केराकत, शाहगंज और मल्हनी विधानसभा क्षेत्रों में संगठन को विशेष रूप से मजबूत कर रही है।
डॉ. अरविंद राजभर ने यह भी स्पष्ट किया कि सुभासपा वर्तमान में एनडीए गठबंधन का हिस्सा है और उत्तर प्रदेश, बिहार सहित पूरे देश में गठबंधन के साथ मजबूती से खड़ी है। उन्होंने केंद्र व राज्य सरकारों की विभिन्न जनकल्याणकारी योजनाओं की सराहना करते हुए कहा कि आयुष्मान कार्ड, प्रधानमंत्री आवास योजना, जीरो पॉवर्टी योजना, महिला रजिस्ट्री में छूट, सोलर लाइट योजना और शादी अनुदान योजना जैसी योजनाएं समाज के अंतिम व्यक्ति तक पहुंच रही हैं।
बैठक के दौरान विभिन्न दलों से आए कई कार्यकर्ताओं ने अपनी पुरानी पार्टियों को छोड़ सुभासपा की सदस्यता ग्रहण की, जिससे संगठन को और मजबूती मिली।
इस अवसर पर बैठक में डॉ. जेपी सिंह (राष्ट्रीय महासचिव), रितेश राम (प्रदेश अध्यक्ष अनुसूचित मोर्चा), अरविंद सिंह मखदू (प्रदेश उपाध्यक्ष), हरिलाल राजभर (प्रदेश महासचिव), मोहम्मद निहाल अंसारी (प्रदेश उपाध्यक्ष), हर्ष राजभर (प्रदेश उपाध्यक्ष व जिला प्रभारी), शनि राजभर (प्रदेश महासचिव, युवा मोर्चा), बृजभान राजभर (मंडल उपाध्यक्ष) सहित कई वरिष्ठ नेता मौजूद रहे।
बैठक का संचालन जिलाध्यक्ष चंदन राजभर ने किया, जबकि समापन अवसर पर राष्ट्रीय महासचिव डॉ. जेपी सिंह ने सभी पदाधिकारियों व कार्यकर्ताओं के प्रति आभार व्यक्त किया।

