
राष्ट्रव्यापी बंद को लेकर खलारी में संयुक्त ट्रेड यूनियन का प्रदर्शन, डकरा में 90% सफल रही हड़ताल।
झारखंड( रांची)। विनीत कुमार
संयुक्त ट्रेड यूनियन के तत्वावधान में बुधवार को झारखंड निर्माण मजदूर यूनियन सह भाकपा माले द्वारा राष्ट्रव्यापी हड़ताल के समर्थन में जोरदार प्रदर्शन किया गया। संगठन के खलारी एरिया सचिव कॉ. किशोर खंडित के नेतृत्व में यूनियन कार्यकर्ता सड़कों पर उतरे और जनविरोधी नीतियों के खिलाफ नारेबाजी की। प्रदर्शनकारियों ने चार श्रम संहिताओं (लेबर कोड्स) को रद्द करने, पुरानी पेंशन योजना को बहाल करने, वन अधिकार कानून में किए गए जनविरोधी संशोधनों को वापस लेने, सरकारी संस्थानों की बिक्री बंद करने तथा बंद पड़ी सार्वजनिक संस्थाओं को पुनः चालू कर विकास के कार्यों में लगाने की मांग की।
इस प्रदर्शन में प्रमुख रूप से जगदीश गंझू, एतवारी देवी, बलकिशुन लोहरा, शिब्बलक लोहरा, महेन्दर लोहरा, हना मिंज, बुध्मनी देवी और दीना नायक जैसे कई कार्यकर्ता शामिल रहे।
एन.के. क्षेत्र डकरा में हड़ताल को 90% समर्थन
एन.के. क्षेत्र डकरा में सुबह की शिफ्ट में हड़ताल लगभग 90% सफल रही। यूनियन नेताओं ने बताया कि सेकंड एवं नाइट शिफ्ट में हड़ताल को और अधिक प्रभावी बनाने के लिए प्रयास जारी हैं।
चूरी में कांटा संचालन को लेकर सवाल
जानकारी के अनुसार, चूरी में कांटा बाबू के हड़ताल में शामिल हो जाने के बाद डीओ होल्डर के माध्यम से कांटा संचालन कराया जा रहा है। साथ ही, नौ हजारी क्लोज के बाद भी कई कर्मियों की उपस्थिति दर्ज की जा रही है। रिपोर्ट के अनुसार, सुबह 9 बजे तक कुल 40 कर्मियों की उपस्थिति रिपोर्ट भेजी गई थी, लेकिन बाद में यह संख्या 50 दिखाई जा रही है, जिससे वास्तविक उपस्थिति और आंकड़ों में भिन्नता देखी जा रही है।

