
शाहजहांपुर : एक ही दिन में अलग अलग स्थानों पर फंदे से लटकते मिले अधिवक्ता और युवक के शव
अधिवक्ता के परिजनों ने जताई हत्या की आशंका वही युवक के परिजनो ने बताया घरेलू कलह के कारण सुसाइड
मुजीब खान
शाहजहांपुर / महानगर में कल शाम तक दो लोगों के शव लटके मिले जिसमे एक अधिवक्ता का शव थाना सादर क्षेत्र में पड़ने वाले रेलवे पुल से तो वही थाना कोतवाली क्षेत्र के युवक का शव बरेली मोड के मैदान में एक पेड़ से लटका मिला जिसमें युवक के परिजनो ने घरेलू कलह के कारण आत्महत्या किए जाने की बात कही है तो अधिवक्ता के परिजनो ने बताया कि शव लटका जरूर था लेकिन पैर जमीन पर थे जिससे अनुमान लगाया जा सकता है कि हत्या करके शव को लटकाया गया है । फिलहाल पुलिस ने दोनो शवों का पोस्टमार्टम करवा कर जांच शुरू कर दी है ।
पहली घटना में थाना सदर बाजार क्षेत्र के मोहल्ला मदरा खेल निवासी दिनेश प्रताप सिंह (45 वर्ष) पेशे से अधिवक्ता थे। उनके भाई उमेश प्रताप सिंह ने बताया कि बुधवार सुबह करीब आठ बजे दिनेश के मोबाइल पर किसी का कॉल आया था। इसके बाद वह घर से निकल गए, जब वह काफी देर तक घर नहीं लौटे तो उनकी तलाश करना शुरू किया। उनका मोबाइल नंबर भी बंद जा रहा था। परिजनों ने थाने में उनकी गुमशुदगी दर्ज कराई थी। पुलिस ने उनकी तलाश शुरू कर दी। बृहस्पतिवार सुबह करीब साढ़े सात बजे पुलिस को सूचना मिली कि बंथरा और शाहजहांपुर स्टेशन के बीच में गर्रा नदी के पुल की रेलिंग में बंधी रस्सी से शव लटका है। स्टेशन मास्टर के पास भी मेमो पहुंचा। सूचना पर पहुंची पुलिस ने शव देखकर दिनेश प्रताप सिंह के परिजनों को जानकारी दी। मौके पर पहुंचे उमेश ने शव की शिनाख्त दिनेश के रूप में की। उमेश ने दिनेश के पैर जमीन पर लगे हुए देखकर हत्या की आशंका जताई है। दिनेश की पत्नी सविता का रो-रोकर बुरा हाल है। दिनेश के तीन छोटे-छोटे बच्चे हैं। सदर बाजार प्रभारी निरीक्षक अरविंद सिंह ने बताया कि दिनेश का मानसिक उपचार कानपुर से चल रहा था। परिजनों ने अभी इस मामले में तहरीर नहीं दी है। पोस्टमॉर्टम रिपोर्ट के आधार पर आगे की कार्रवाई की जाएगी।
वही दूसरी घटना में चौक कोतवाली क्षेत्र के नवादा निवासी 36 वर्षीय विपिन कुमार ने बरेली मोड़ स्थित एक मैदान में पेड़ से फांसी लगाकर आत्महत्या कर ली। विपिन कुमार परिवार को बिना कुछ बताए घर से निकल गए थे। कुछ समय बाद उनका शव पेड़ से लटका मिला। स्थानीय लोगों ने काफी ऊंचाई पर लटके शव को देखा और पुलिस को सूचना दी। सूचना मिलते ही चौक कोतवाली पुलिस मौके पर पहुंची। पुलिस ने स्थानीय लोगों की मदद से शव को नीचे उतारा और शिनाख्त की। परिजनों को सूचना दी गई, जो तुरंत मौके पर पहुंच गए। परिवार के अनुसार, घरेलू कलह के कारण विपिन ने यह कदम उठाया। चौक कोतवाली के इंस्पेक्टर राजीव तोमर ने बताया कि शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया है। उन्होंने कहा कि तहरीर मिलने के बाद आगे की कानूनी कार्रवाई की जाएगी।
























