Sunday, February 15

अल्मोड़ा।डीनापानी में महिलाओं की जागरुकता चौपाल, महिला सुरक्षा और नशा मुक्ति पर चर्चा

डीनापानी में महिलाओं की जागरुकता चौपाल, महिला सुरक्षा और नशा मुक्ति पर चर्चा

अल्मोड़ा।जिले में  महिलाओं की सुरक्षा और जागरुकता को लेकर 12 जनवरी 2025 को डीनापानी क्षेत्र में एक महत्वपूर्ण चौपाल का आयोजन किया गया। इस चौपाल का आयोजन वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक देवेन्द्र पींचा के निर्देशों के तहत किया गया, जिसमें पुलिस प्रशासन ने महिलाओं को उनके अधिकारों और सुरक्षा से संबंधित महत्वपूर्ण जानकारी प्रदान की।

अपर पुलिस अधीक्षक हरबन्स सिंह और सीओ अल्मोड़ा/रानीखेत विमल प्रसाद के पर्यवेक्षण में, महिला थाना अल्मोड़ा की थानाध्यक्ष निरीक्षक जानकी भण्डारी और उनकी टीम ने इस चौपाल का नेतृत्व किया। इसमें महिला हैडकांस्टेबल पायल आर्या और महिला कांस्टेबल द्रौपदी सुयाल भी उपस्थित थीं। चौपाल में महिलाओं को मानव तस्करी, घरेलू हिंसा, उत्पीड़न से संबंधित कानूनों और पुलिस सहायता के उपायों के बारे में विस्तार से जानकारी दी गई। महिलाओं को बताया गया कि यदि वे घरेलू हिंसा या उत्पीड़न का शिकार हैं, तो वे महिला हेल्पलाइन नंबर 1090 और डायल 112 पर तुरंत सहायता प्राप्त कर सकती हैं।

चौपाल में नशे के दुष्प्रभावों पर भी चर्चा की गई, और महिलाओं को यह बताया गया कि यदि उनके आस-पास कोई व्यक्ति नशे की लत में है, तो वे पुलिस को सूचित करें ताकि उसकी काउंसलिंग और चिकित्सा उपचार के जरिए उसे मुख्यधारा में वापस लाया जा सके।इसके अलावा, साइबर अपराध, नवीन कानून, उत्तराखंड पुलिस एप, गौरा शक्ति एप और अन्य हेल्पलाइन नंबरों के बारे में भी जानकारी दी गई। महिलाओं को साइबर क्राइम हेल्पलाइन 1930 और चाइल्ड हेल्पलाइन के बारे में भी अवगत कराया गया, ताकि वे किसी भी आपात स्थिति में तुरंत सहायता प्राप्त कर सकें।इस जागरूकता चौपाल का आयोजन महिलाओं को उनके अधिकारों और सुरक्षा के प्रति सजग बनाने के उद्देश्य से किया गया था, ताकि वे अपनी समस्याओं को सही तरीके से निपटाने के लिए सही मंच तक पहुंच सकें।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *