Sunday, December 14

खेल मंत्री रेखा आर्या ने राष्ट्रीय ग्रेपलिंग प्रतियोगिता का शुभारंभ किया, कहा- उत्तराखंड बन रहा है खिलाड़ियों के लिए अवसरों से भरा प्रदेश

खेल मंत्री रेखा आर्या ने राष्ट्रीय ग्रेपलिंग प्रतियोगिता का शुभारंभ किया, कहा- उत्तराखंड बन रहा है खिलाड़ियों के लिए अवसरों से भरा प्रदेश

हरिद्वार: प्रदेश की युवा कल्याण एवं खेल मंत्री रेखा आर्या ने हरिद्वार स्थित प्रेमनगर आश्रम में आयोजित राष्ट्रीय ग्रेपलिंग प्रतियोगिता का शुभारंभ करते हुए युवा खिलाड़ियों का उत्साहवर्धन किया। इस अवसर पर उन्होंने प्रतियोगिता के आयोजन को उत्तराखंड के लिए एक महत्वपूर्ण कदम बताया और ग्रेपलिंग कमेटी ऑफ इंडिया का धन्यवाद किया।

मंत्री रेखा आर्या ने अपने संबोधन में कहा, “यह पहली बार है कि इतने बड़े स्तर पर ग्रेपलिंग प्रतियोगिता का आयोजन किया जा रहा है, जो प्रदेश के खिलाड़ियों के लिए एक महत्वपूर्ण अवसर है।” उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के मार्गदर्शन में सरकार खिलाड़ियों के उत्थान के लिए लगातार काम कर रही है, जिससे खेल के प्रति समाज में सकारात्मक परिवर्तन आया है।

मंत्री ने कहा, “पहले लोग खेल को लेकर भविष्य की असुरक्षा महसूस करते थे, लेकिन अब प्रधानमंत्री मोदी द्वारा खिलाड़ियों को सम्मानित करने और उनसे संवाद किए जाने से उनका हौसला बढ़ा है।” उन्होंने यह भी जोड़ा कि आज एक खिलाड़ी का नाम केवल देश ही नहीं, बल्कि पूरी दुनिया में होता है।

खेल मंत्री ने ग्रेपलिंग के खेल को लेकर भी सराहना की और कहा कि पिछले तीन वर्षों में इस खेल ने काफी प्रगति की है, और भारतीय ग्रेपलिंग टीम ने शानदार प्रदर्शन किया है। उन्होंने यह उम्मीद जताई कि भविष्य में इस खेल को राष्ट्रीय खेल, एशियाई खेलों और ओलंपिक जैसे बड़े आयोजनों में भी स्थान मिलेगा।

मंत्री ने कहा कि उत्तराखंड को अब “खेल भूमि” के रूप में पहचाना जाएगा, और राज्य सरकार ग्रेपलिंग के क्षेत्र में हमेशा खिलाड़ियों की मदद और मार्गदर्शन के लिए तत्पर रहेगी।कार्यक्रम में ग्रेपलिंग कमेटी ऑफ इंडिया के अध्यक्ष दिनेश कपूर, सचिव बिरजू शर्मा, उत्तराखंड ग्रेपलिंग के सचिव राजेंद्र सिंह रावत और उपाध्यक्ष बीरेन्द्र सिंह राठौड़ सहित अन्य पदाधिकारी भी उपस्थित रहे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *