गड़ौरा के ऐतिहासिक मेले में उमड़ी श्रद्धालुओं की भारी भीड़।
शरद बिंद
दुर्गागंज, भदोही। अभोली ब्लॉक के गड़ौरा गांव में आयोजित ऐतिहासिक मेला एवं श्रीरामलीला का आयोजन सोमवार को उत्साह और उल्लास के बीच संपन्न हुआ। मेले में आसपास के गांवों से बड़ी संख्या में लोग पहुंचे। अपार भीड़ के चलते मेला परिसर में पूरे दिन चहल-पहल बनी रही। बच्चों, युवाओं, महिलाओं और बुजुर्गों ने मेले का आनंद उठाया।
मेले में लोगों ने विभिन्न दुकानों पर खरीदारी की और खानपान की दुकानों पर भी भीड़ देखने को मिली। श्रीरामलीला के आयोजन ने लोगों में धार्मिक उत्साह का संचार किया। ग्रामीण क्षेत्र की इस ऐतिहासिक परंपरा को देखने के लिए बड़ी संख्या में लोग जुटे। मेले के दौरान लोगों में विशेष उत्साह दिखाई दिया।
मानस श्रीरामलीला समिति गड़ौरा के अध्यक्ष देवेंद्र प्रताप, मेला प्रभारी हवलदार सिंह और कोषाध्यक्ष अंकित सिंह के कुशल नेतृत्व में कार्यक्रम संपन्न हुआ। आयोजन को सफल बनाने में समिति के सदस्यों और स्थानीय लोगों का महत्वपूर्ण योगदान रहा। मेले के माध्यम से क्षेत्र की धार्मिक एवं सांस्कृतिक परंपरा को आगे बढ़ाने का प्रयास किया गया। आयोजन के सफल समापन पर समिति के पदाधिकारियों ने सहयोग करने वाले सभी लोगों के प्रति आभार जताया।
























