‘हर घर डाकघर’ के संकल्प को जमीनी रूप देने को बलिया में बाइक रैली व डाक चौपाल, ग्रामीणों को डाक योजनाओं से जोड़ने का अभियान
संजीव सिंह बलिया। विकसित भारत-2047 के संकल्प तथा ‘हर घर डाकघर’ की अवधारणा को मूर्त रूप देने और वित्तीय समावेशन को बढ़ावा देने के उद्देश्य से डाक विभाग, बलिया मंडल द्वारा गुरुवार को बाइक रैली एवं डाक चौपाल का आयोजन किया गया। कार्यक्रम की अध्यक्षता अधीक्षक डाकघर, बलिया मंडल राजीव कुमार श्रीवास्तव ने की।
जनजागरूकता अभियान के तहत नगरा से भीमपुरा नंबर-1 तक बाइक रैली का शुभारंभ नगरा उप डाकघर से किया गया। रैली घोड़ाचौक, मल्लफरसेनपुर और कोठियाचट्टी होते हुए ताड़ीबड़ा शाखा डाकघर पहुँची, जहाँ ग्रामीणों के साथ डाक चौपाल आयोजित की गई। इसके बाद रैली कसौंदर शाखा डाकघर और अंत में भीमपुरा नंबर-1 पहुँची, जहाँ भी ग्रामीणों को विभागीय सेवाओं की जानकारी दी गई।
डाक चौपाल के दौरान ग्रामीणों को डाक विभाग की विभिन्न बचत योजनाओं, डाक जीवन बीमा, ग्रामीण डाक जीवन बीमा तथा अन्य वित्तीय सेवाओं के बारे में विस्तृत जानकारी दी गई। उन्हें योजनाओं का लाभ उठाने के लिए प्रोत्साहित किया गया और उनकी समस्याओं व सुझावों को भी सुना गया।
अभियान का उद्देश्य ग्रामीण एवं दूरस्थ क्षेत्रों में डाक विभाग की सेवाओं का प्रचार-प्रसार करना, वित्तीय साक्षरता बढ़ाना तथा सरकारी योजनाओं का लाभ अंतिम व्यक्ति तक पहुँचाना रहा।
कार्यक्रम में निरीक्षक डाकघर, उत्तरी उपमंडल सतीश यादव, परिवाद निरीक्षक अनिकेत रंजन प्रजापति, उप डाकपाल नगरा मोतीलाल सहित उत्तरी उपमंडल के समस्त डाककर्मी उपस्थित रहे।
ग्रामीण क्षेत्रों में डाक सेवाओं के प्रभावी प्रचार-प्रसार में योगदान के लिए ताड़ीबड़ा शाखा डाकपाल मुकेश कुमार गुप्ता, कसौंदर शाखा डाकपाल अरविंद सिंह तथा भीमपुरा नंबर-1 शाखा डाकपाल मोती चंद के कार्यों की अधीक्षक डाकघर द्वारा सराहना की गई।
डाक विभाग, बलिया मंडल द्वारा ग्रामीण क्षेत्रों में जनजागरूकता गतिविधियों के माध्यम से विभागीय सेवाओं एवं जनकल्याणकारी योजनाओं का लाभ अधिक से अधिक लोगों तक पहुँचाने के प्रयास निरंतर जारी हैं।
























