बलिया।नम आंखों से मां दुर्गा को दी गई विदाई, जयकारों से गूंजा नगरा क्षेत्र

नम आंखों से मां दुर्गा को दी गई विदाई, जयकारों से गूंजा नगरा क्षेत्र

सत्य रथ।नगरा (बलिया)

शारदीय नवरात्र के समापन के बाद नगरा क्षेत्र में मां दुर्गा की प्रतिमाओं का विसर्जन श्रद्धा और उल्लास के बीच किया गया। विभिन्न पूजा समितियों की ओर से मां दुर्गा की प्रतिमाओं को आकर्षक ढंग से सजाकर ढोल-नगाड़े, बैंड बाजे और जयकारों के साथ भव्य विसर्जन यात्रा निकाली गई। मां के दर्शन के लिए श्रद्धालुओं की भारी भीड़ उमड़ पड़ी और पूरा क्षेत्र “जय माता दी” के जयकारों से गूंज उठा।

विसर्जन यात्रा में शामिल श्रद्धालु अबीर-गुलाल उड़ाते हुए मां दुर्गा के जयकारे लगाते रहे। महिलाओं, युवाओं और बच्चों में विशेष उत्साह देखा गया। नौ दिन तक अपने बीच विराजमान रही मां को विदा करते समय श्रद्धालुओं की आंखें नम थीं। भक्तों ने मां से अगले वर्ष पुनः आगमन की कामना की और परिवार की सुख-समृद्धि, क्षेत्र की खुशहाली एवं जनकल्याण की प्रार्थना की।

विसर्जन से पूर्व मां दुर्गा की प्रतिमाओं का विधि-विधान से पूजन-अर्चन किया गया। इसके बाद प्रतिमाओं को शोभायात्रा के माध्यम से निर्धारित स्थानों पर ले जाकर विसर्जित किया गया। पूरे आयोजन के दौरान भक्तिमय और उत्सवपूर्ण माहौल बना रहा। मां की विदाई के साथ ही नगरा क्षेत्र में दुर्गा पूजा महोत्सव का समापन हो गया।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *