बलिया: रसड़ा रामलीला में गंगा पार लीला का भव्य मंचन, श्रद्धालुओं की उमड़ी भीड़

रसड़ा रामलीला में गंगा पार लीला का भव्य मंचन, श्रद्धालुओं की उमड़ी भीड़

 संजीव सिंह रसड़ा (बलिया)। छोटी काशी के नाम से प्रसिद्ध रसड़ा की ऐतिहासिक रामलीला के दूसरे दिन श्री रामलीला कमेटी, रसड़ा के तत्वावधान में गांधी पार्क स्थित रोशा शाह सरोवर पर प्रभु श्रीराम, माता सीता और भैया लक्ष्मण के गंगा पार करने के पौराणिक प्रसंग का भव्य मंचन किया गया। वनगमन के बाद प्रभु श्रीराम और नाविक निषादराज केवट के बीच हुए मार्मिक संवाद ने दर्शकों को भावविभोर कर दिया।

श्रद्धा और भक्ति से गूंजा मेला परिसर

रामलीला का मनमोहक मंचन देखने के लिए रसड़ा सहित आसपास के क्षेत्रों से बड़ी संख्या में श्रद्धालु और दर्शक पहुंचे। सरोवर के चारों ओर सीढ़ियों पर बैठे-खड़े दर्शकों ने लीला को अपलक निहारा। कलाकारों की सजीव प्रस्तुति और भक्तिपूर्ण वातावरण के बीच पूरा मेला परिसर “जय श्रीराम” के जयकारों से गूंज उठा।

मंचन के दौरान केवट ने प्रभु श्रीराम के चरण धोए और उन्हें माता जानकी व लक्ष्मण सहित गंगा पार कराया। भक्तिपूर्ण केवट गीत ने उपस्थित श्रद्धालुओं को आध्यात्मिक उत्साह से भर दिया।

पुलिस की सक्रिय व्यवस्था

भारी भीड़ को देखते हुए रसड़ा पुलिस पूरी तरह सतर्क रही। पोखरे के आसपास और मेला परिसर में पुलिसकर्मियों की तैनाती रही। सुरक्षा व्यवस्था बनाए रखने में पुलिस प्रशासन की सक्रियता की आमजन और रामलीला कमेटी के पदाधिकारियों ने सराहना की।

गणमान्य लोगों की उपस्थिति

इस अवसर पर रामलीला कमेटी के संरक्षक महामंडलेश्वर कौशलेन्द्र गिरि जी महाराज, अध्यक्ष संतोष जायसवाल और महामंत्री निर्मल पाण्डेय सभासद सहित कमेटी के पदाधिकारी, सदस्य एवं कार्यकर्ता उपस्थित रहे। सभी ने आयोजन को सफल बनाने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाई।

सांस्कृतिक विरासत का जीवंत आयोजन

रसड़ा की यह ऐतिहासिक रामलीला लगभग 195 वर्षों से आयोजित हो रही है और क्षेत्र की धार्मिक परंपरा तथा सांस्कृतिक विरासत को जीवंत रखने का प्रमुख केंद्र बनी हुई है। श्रद्धालुओं ने लीला के भव्य मंचन और कमेटी की व्यवस्थाओं की जमकर प्रशंसा की।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *