बदायूँ।मिशन शक्ति फेज 6.0: छात्रा साक्षी बनी एक दिन की थाना प्रभारी, सुनीं जनशिकायतें

मिशन शक्ति फेज 6.0: छात्रा साक्षी बनी एक दिन की थाना प्रभारी, सुनीं जनशिकायतें

बिनावर में छात्राओं को पुलिस की कार्यप्रणाली से कराया रूबरू, महिला सुरक्षा के प्रति किया जागरूक

बदायूं। मिशन शक्ति फेज 6.0 के अंतर्गत शनिवार को थाना बिनावर में एक अनूठी पहल की गई। शारदीय नवरात्र शक्ति पर्व के अवसर पर कक्षा आठ की छात्रा साक्षी पुत्री आदित्य कुमार सिंह, निवासी कस्बा बिनावर को एक दिन के लिए सांकेतिक थाना प्रभारी बनाया गया। इस दौरान छात्रा ने थाने की कार्यप्रणाली को करीब से समझा और जनशिकायतों की सुनवाई कर संबंधित अधिकारियों को उनके निस्तारण के लिए निर्देशित किया।

कार्यक्रम के दौरान छात्रा साक्षी ने थाना बिनावर के दैनिक कार्यों का अनुभव प्राप्त किया। उन्होंने जनशिकायतों की सुनवाई की तथा शिकायतों के निस्तारण की प्रक्रिया को समझा। पुलिसकर्मियों ने उन्हें मिशन शक्ति फेज 6.0 के उद्देश्यों और महिलाओं एवं बालिकाओं की सुरक्षा के लिए चलाए जा रहे विभिन्न कार्यक्रमों की जानकारी दी।

महिला हेल्प डेस्क और मिशन शक्ति केंद्र का किया भ्रमण

एक दिवसीय थाना प्रभारी साक्षी ने थाना परिसर, महिला हेल्प डेस्क, थाना कार्यालय और मिशन शक्ति केंद्र का भ्रमण किया। इस दौरान उन्हें पुलिस की कार्यप्रणाली, थाने में दर्ज मामलों की सुनवाई और निस्तारण की प्रक्रिया तथा कानून-व्यवस्था बनाए रखने में जनसहभागिता की भूमिका से अवगत कराया गया। साथ ही महिला सुरक्षा के उपायों के प्रति आमजन को जागरूक करने के महत्व की जानकारी भी दी गई।

इस अवसर पर मिशन शक्ति प्रभारी उपनिरीक्षक बाबू सिंह सहित थाना बिनावर की मिशन शक्ति टीम मौजूद रही।

आत्मविश्वास बढ़ाने की दिशा में पहल

बदायूं पुलिस के अनुसार, मिशन शक्ति फेज 6.0 का उद्देश्य महिलाओं एवं बालिकाओं को आत्मनिर्भर और सशक्त बनाना है। इस तरह के कार्यक्रमों से छात्राओं को पुलिस की कार्यप्रणाली का प्रत्यक्ष अनुभव मिलता है और उनमें आत्मविश्वास बढ़ता है। साथ ही उन्हें अपने अधिकारों, महिला सुरक्षा से जुड़े उपायों और पुलिस की भूमिका के प्रति जागरूक होने का अवसर मिलता है।

पुलिस का कहना है कि समाज में महिलाओं की भागीदारी बढ़ाने और उनकी सुरक्षा सुनिश्चित करने के लिए इस प्रकार के जागरूकता कार्यक्रम आगे भी जारी रहेंगे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *