भदोही के लाल नायब बिंद ने देहरादून मैराथन में जीता प्रथम स्थान।
शरद बिंद
दुर्गागंज,भदोही। भदोही जिले के अभोली ब्लॉक के कनकपुर गांव निवासी युवा धावक नायब बिंद ने देहरादून मैराथन की 10 किलोमीटर दौड़ प्रतियोगिता में शानदार प्रदर्शन करते हुए प्रथम स्थान हासिल किया। उनकी इस उपलब्धि से क्षेत्र में खुशी की लहर दौड़ गई। ग्रामीणों, परिजनों और खेल प्रेमियों ने नायब को बधाई देते हुए उनके उज्ज्वल भविष्य की कामना की।
देहरादून में आयोजित मैराथन प्रतियोगिता में विभिन्न क्षेत्रों से पहुंचे धावकों ने प्रतिभाग किया। 10 किलोमीटर दौड़ में नायब बिंद ने अपनी प्रतिभा, मेहनत और शानदार फिटनेस का प्रदर्शन करते हुए सभी प्रतिभागियों को पीछे छोड़ दिया और प्रथम स्थान प्राप्त किया। प्रतियोगिता में उत्कृष्ट प्रदर्शन के बाद नायब को सम्मानित किया गया।
नायब की सफलता की खबर कनकपुर गांव और अभोली क्षेत्र में पहुंचते ही उनके परिवार और शुभचिंतकों में उत्साह का माहौल हो गया। लोगों का कहना है कि ग्रामीण परिवेश से निकलकर राष्ट्रीय स्तर की प्रतियोगिता में बेहतर प्रदर्शन करना क्षेत्र के अन्य युवाओं के लिए भी प्रेरणादायक है।
परिजनों ने बताया कि नायब बचपन से ही दौड़ प्रतियोगिताओं के प्रति रुचि रखते हैं और नियमित अभ्यास के साथ अपनी तैयारी करते हैं। उनकी मेहनत का परिणाम देहरादून मैराथन में देखने को मिला।
नायब बिंद की इस उपलब्धि पर क्षेत्रवासियों ने उन्हें शुभकामनाएं देते हुए उम्मीद जताई कि वह आने वाले समय में भी जिले और प्रदेश का नाम रोशन करेंगे।
























