9 अक्टूबर को गोसाईंपुर पहुंचेंगे अखिलेश यादव, रामगोविन्द चौधरी की तेरहवीं में होंगे शामिल
हेलीपैड पर सुबह 11:45 बजे पहुंचने का कार्यक्रम, शोकाकुल परिवार से मिलकर व्यक्त करेंगे संवेदना
संजीव सिंह बलिया। समाजवादी पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष एवं उत्तर प्रदेश के पूर्व मुख्यमंत्री अखिलेश यादव आगामी 9 अक्टूबर को बलिया जनपद के सिकंदरपुर तहसील क्षेत्र स्थित गोसाईंपुर पहुंचेंगे। यहां वह समाजवादी पार्टी के वरिष्ठ नेता एवं उत्तर प्रदेश विधानसभा के पूर्व नेता प्रतिपक्ष स्वर्गीय रामगोविन्द चौधरी के तेरहवीं संस्कार कार्यक्रम में शामिल होकर उन्हें श्रद्धांजलि अर्पित करेंगे।
इस दौरान अखिलेश यादव शोकाकुल परिवार के सदस्यों से मुलाकात कर अपनी संवेदना व्यक्त करेंगे। बताया गया है कि वह गोसाईंपुर में लगभग 45 मिनट रुकेंगे।
समाजवादी पार्टी बलिया के जिला उपाध्यक्ष एवं प्रवक्ता सुशील कुमार पाण्डेय ‘कान्हजी’ ने प्रेस को जानकारी देते हुए बताया कि अखिलेश यादव 9 अक्टूबर को सुबह करीब 11 बजे लखनऊ के अमौसी हवाई अड्डे से प्रस्थान कर आजमगढ़ पहुंचेंगे। इसके बाद वह हेलीकॉप्टर से लगभग 11:45 बजे गोसाईंपुर हेलीपैड पर उतरेंगे।
उन्होंने बताया कि गोसाईंपुर पहुंचने के बाद सपा के राष्ट्रीय अध्यक्ष स्वर्गीय रामगोविन्द चौधरी के पैतृक आवास पर जाकर परिजनों से मुलाकात करेंगे और तेरहवीं संस्कार कार्यक्रम में शामिल होंगे। इसके बाद अखिलेश यादव देवरिया जनपद के लिए रवाना हो जाएंगे।
अखिलेश यादव इससे पहले भी रामगोविन्द चौधरी को श्रद्धांजलि अर्पित कर चुके हैं और उनके निधन को समाजवादी आंदोलन तथा पार्टी के लिए बड़ी क्षति बताया था।
























