तीन दिन से भूखा था बुजुर्ग दंपती, थाना प्रभारी ने बढ़ाया हाथ तो मदद को आगे आया अंबिका सेवा संस्थान
पड़ोसियों ने पहुंचाया भोजन, बिजली विभाग ने घर तक खिंचवाया तार; स्वास्थ्य टीम ने की जांच, बनवाया आयुष्मान कार्ड
उपेन्द्र कुमार पांडेय | आजमगढ़
रानीपुर रजमो गांव में 72 वर्षीय चन्द्रमोहन मिश्रा उर्फ भूटेली पंडित और उनकी पत्नी सुमित्रा की बदहाल जिंदगी की तस्वीर सामने आने पर मानवीय संवेदनाओं ने उन्हें सहारा दिया। राशन कार्ड, आवास और पेंशन जैसी मूलभूत सुविधाओं से वंचित बुजुर्ग दंपती के सामने तीन दिनों से भोजन का संकट था। बीमारी और चलने-फिरने में असमर्थता के बीच दोनों किसी तरह जीवन गुजार रहे थे।
परिवार की स्थिति की जानकारी थाना गंभीरपुर के प्रभारी अमित कुमार त्रिपाठी को हुई तो उन्होंने तत्काल मदद का हाथ बढ़ाया। अगले ही दिन खाद्यान्न और जरूरी सामान लेकर मौके पर पहुंचे और परिवार की जरूरतों को समझा। इसके बाद अंबिका सेवा संस्थान की टीम भी लगातार राशन और खाद्य सामग्री उपलब्ध कराने में जुट गई। पड़ोसियों ने भी भोजन पहुंचाकर बुजुर्ग दंपती की भूख मिटाई।
लंबे समय से घर में अंधेरा होने की समस्या भी सामने आई। इस पर मोहम्मदपुर विद्युत विभाग के जेई विनय कुमार मौर्य ने बिजली के खंभे से घर तक तार खिंचवाने की व्यवस्था कराई। वहीं अंबिका सेवा संस्थान के सदस्यों ने बिजली बोर्ड, चार्जिंग बल्ब, सीएफएल और अन्य जरूरी सामान उपलब्ध कराकर घर को रोशन किया।
बुजुर्ग दंपती की बीमारी की जानकारी मिलने पर स्वास्थ्य केंद्र मोहम्मदपुर के चिकित्सा अधिकारी डॉ. रोहित कुमार मिश्रा अपनी टीम के साथ मौके पर पहुंचे। टीम ने दोनों की स्वास्थ्य जांच कर दवाओं और आवश्यक जांच की व्यवस्था कराई। साथ ही चन्द्रमोहन मिश्रा का आयुष्मान कार्ड भी बनवाया गया, जिससे उन्हें आगे मुफ्त उपचार की सुविधा मिल सके।
बताया गया कि चन्द्रमोहन के पुत्र और बहू का करीब दस वर्ष पहले निधन हो चुका है। अब घर में बुजुर्ग दंपती ही रह गए हैं। उनकी 22 वर्षीय पौत्री ही सहारा थी, लेकिन पति से विवाद के चलते वह जेल में है। ऐसे में दोनों बुजुर्ग पूरी तरह असहाय हो गए हैं और पड़ोसियों की मदद से भोजन का इंतजाम हो रहा है।
अंबिका सेवा संस्थान के अध्यक्ष रूप नारायण उपाध्याय ने कहा कि बुजुर्ग दंपती की मदद का सिलसिला आगे भी जारी रहेगा। राहत कार्य में पवन अस्थाना, लकी श्रीवास्तव, अजय श्रीवास्तव, अर्जुन शर्मा, अभिषेक उपाध्याय और प्रिंस कुमार सहित संस्थान के सदस्य जुटे हुए हैं।
























