बदायूँ।हादसे में अपनों को खोने वाले परिवारों से मिले सांसद आदित्य यादव

हादसे में अपनों को खोने वाले परिवारों से मिले सांसद आदित्य यादव

ईस्टर्न पेरीफेरल एक्सप्रेसवे हादसे के मृतकों के परिजनों से की मुलाकात, घायलों का भी जाना हाल

बदायूं। बागपत के ईस्टर्न पेरीफेरल एक्सप्रेसवे पर हुए भीषण सड़क हादसे में बदायूं के कई परिवारों ने अपनों को खो दिया। गुरुवार को सांसद आदित्य यादव ने जिले के विभिन्न गांवों का दौरा कर हादसे में मृत लोगों के परिजनों से मुलाकात की और उन्हें ढांढस बंधाया। उन्होंने परिजनों से घटना की जानकारी लेकर उनकी पीड़ा सुनी तथा हरसंभव सहयोग का भरोसा दिलाया।

सांसद सबसे पहले बदायूं विधानसभा क्षेत्र के ग्राम रसूलपुर पहुंचे, जहां उन्होंने मृतक के परिजनों से मुलाकात कर शोक संवेदना व्यक्त की। इसके बाद शेखूपुर विधानसभा क्षेत्र के निजामपुर पहुंचे और हादसे में जान गंवाने वाले व्यक्ति के परिवार से मिले। उन्होंने परिवार की स्थिति जानी और दिवंगत आत्मा की शांति के लिए प्रार्थना की।

इसके बाद सांसद ने चेतु नगला और अलीपुर चमारी पहुंचकर मृतकों के परिजनों से मुलाकात की। उन्होंने कहा कि दुख की इस घड़ी में वह परिवारों के साथ खड़े हैं और आवश्यक सहयोग के लिए हरसंभव प्रयास किया जाएगा।

दौरे के अगले चरण में सांसद बिल्सी विधानसभा क्षेत्र के ग्राम सराय मुड़िया खागी पहुंचे। यहां भी उन्होंने मृतक के परिजनों से मुलाकात कर घटना की जानकारी ली और परिवार को सांत्वना दी। इसके बाद सहसवान विधानसभा क्षेत्र के ग्राम मदारपुर पहुंचकर हादसे में मृत लोगों के परिजनों से मिलकर संवेदनाएं व्यक्त कीं।

घायलों का भी जाना हाल

सांसद आदित्य यादव ने हादसे में घायल लोगों और उनके परिजनों से भी बातचीत की। उन्होंने उपचार की स्थिति की जानकारी ली और घायलों के शीघ्र स्वस्थ होने की कामना की। उन्होंने कहा कि अपनों को खोने वाले परिवारों की पीड़ा को वह समझते हैं और जरूरत के समय उनके साथ खड़े रहेंगे।

इस दौरान सपा जिलाध्यक्ष आशीष यादव, विधायक ब्रजेश यादव, पूर्व विधायक भूपेंद्र सिंह दद्दा, हिमांशु यादव, पूर्व विधायक हाजी बिट्टन, महासचिव उदयवीर शाक्य, फखरे अहमद शोबी, सुनील यादव, अतुल पटेल, अशोक यादव, लक्ष्मण लोधी, देवेंद्र गौतम, सुनीता पाल, नवाब सिंह यादव, डॉ. शकील, केपी राठौर, परवेज अहमद, जवाहर सिंह यादव, प्रदीप गुप्ता और किशनपाल गुरु सहित पार्टी के पदाधिकारी व कार्यकर्ता मौजूद रहे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *