किसानों को समृद्धि की सौगात, मुख्यमंत्री कृषक समृद्धि योजना व भारत टैक्सी का शुभारंभ
मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने लखनऊ से किया शुभारंभ, काकोरी में हुआ सजीव प्रसारण
लखनऊ। उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने बुधवार को मुख्यमंत्री आवास से उत्तर प्रदेश सहकारी ग्राम विकास बैंक लिमिटेड (एलडीबी) की मुख्यमंत्री कृषक समृद्धि योजना तथा सहकारिता विभाग द्वारा संचालित भारत टैक्सी का शुभारंभ किया। कार्यक्रम का सजीव प्रसारण विकासखंड काकोरी स्थित सभागार में कराया गया।
जनपद स्तरीय कार्यक्रम के मुख्य संयोजक जिला सहकारी बैंक लिमिटेड लखनऊ के अध्यक्ष वीरेंद्र प्रताप सिंह तथा सहसंयोजक सहायक आयुक्त एवं सहायक निबंधक, सहकारिता वैशाली सिंह रहीं। कार्यक्रम में सहकारी समितियों के सचिवों एवं किसानों ने प्रतिभाग किया।
इस अवसर पर उत्कृष्ट कार्य करने वाले किसानों और सहकारी समिति से जुड़े पदाधिकारियों को सम्मानित किया गया। सम्मानित होने वालों में कृषक डोरी लाल, सदस्य नंदकिशोर, बी-पैक्स पहिया आजमपुर, सचिव राजेश कुमार बी-पैक्स अनौरा कला, सचिव सुनील कुमार बी-पैक्स गुडंबा तथा सचिव अंकुर पाल बी-पैक्स लालगंज शामिल रहे।
कार्यक्रम के मुख्य अतिथि मोहनलालगंज विधायक अमरेश कुमार रावत रहे। विशिष्ट अतिथि भाजपा जिलाध्यक्ष विजय मौर्य, ब्लॉक प्रमुख नीतू यादव, भाजपा मंडल अध्यक्ष संजीव सिंह, जिला सहकारी बैंक के डायरेक्टर बिंदादीन, मुख्य कार्यपालक अधिकारी जिला सहकारी बैंक लखनऊ आवेश प्रताप मौर्य, उत्तर प्रदेश सहकारी ग्राम विकास बैंक लखनऊ के वरिष्ठ प्रबंधक कमलेश मिश्रा सहित सहकारिता विभाग के अधिकारी, बी-पैक्स सचिव एवं बड़ी संख्या में कृषक मौजूद रहे।
कार्यक्रम के दौरान सहकारिता क्षेत्र से जुड़ी योजनाओं और किसानों के हित में संचालित गतिविधियों की जानकारी भी दी गई।
























