13 आरोपी गिरफ्तार, तमंचा-कारतूस और अवैध शराब बरामद
अपराध रोकथाम अभियान में बदायूं पुलिस की कार्रवाई, वांछित और वारंटी भी दबोचे गए
बदायूं। अपराधों की रोकथाम, वांछित एवं वारंटी अभियुक्तों की गिरफ्तारी के लिए चलाए जा रहे अभियान के तहत बदायूं पुलिस ने अलग-अलग थाना क्षेत्रों में कार्रवाई करते हुए कुल 13 अभियुक्तों को गिरफ्तार किया। पुलिस ने एक आरोपी के कब्जे से देशी तमंचा और कारतूस तथा दूसरे के पास से 15 पव्वे देशी शराब बरामद की। गिरफ्तार सभी आरोपियों के खिलाफ नियमानुसार कार्रवाई करते हुए संबंधित न्यायालय के समक्ष पेश किया गया।
उसहैत में तमंचे के साथ आरोपी गिरफ्तार
थाना उसहैत पुलिस ने मुखबिर की सूचना पर भुंडी तिराहे के पास से मदनेश उर्फ मदंचा पुत्र नेत्रपाल निवासी खेड़ा जलालपुर को गिरफ्तार किया। तलाशी के दौरान उसके कब्जे से 315 बोर का देशी तमंचा और एक जिंदा कारतूस बरामद हुआ। आरोपी के खिलाफ आर्म्स एक्ट के तहत कार्रवाई की गई।
मुजरिया पुलिस ने शराब समेत दबोचा
थाना मुजरिया पुलिस ने मुखबिर की सूचना पर ग्राम जिजाहट जाने वाले रास्ते से संजीव पुत्र ओमकार निवासी भुजपुरा को गिरफ्तार किया। उसके कब्जे से 15 पव्वे देशी शराब बरामद हुई। पुलिस ने आबकारी अधिनियम के तहत कार्रवाई करते हुए आरोपी को न्यायालय के समक्ष पेश किया।
जरीफनगर और उघैती में दो वांछित गिरफ्तार
थाना जरीफनगर पुलिस ने वांछित आरोपी मोनू पुत्र भूरे सिंह निवासी मसूदपुर खंडुआ थाना उघैती को ग्राम अजीजपुर की तरफ जाने वाले कच्चे रास्ते से गिरफ्तार किया। वहीं थाना उघैती पुलिस ने नितिन सिंह पुत्र दयाशंकर निवासी रियोनाई दलाई को रम्पुरिया तिराहे के पास से गिरफ्तार किया। दोनों आरोपियों को आवश्यक कानूनी कार्रवाई के बाद न्यायालय में पेश किया गया।
वारंटी को घर से पकड़ा
थाना फैजगंज बेहटा पुलिस ने वारंटी हरवेन्द्र उर्फ महावीर सिंह पुत्र वीरपाल सिंह निवासी राजा की सीकरी को उसके घर से गिरफ्तार किया। पुलिस ने आवश्यक कार्रवाई के बाद उसे न्यायालय के समक्ष पेश किया।
शांति भंग की आशंका में आठ गिरफ्तार
थाना बिसौली पुलिस ने शांति भंग की आशंका को देखते हुए देवीदास, पीतम सिंह, भुवनेश, भारत सिंह निवासीगण सर्वा थाना बिसौली तथा अंकित निवासी खवरिया थाना कुढ़फतेहगढ़, संभल को गिरफ्तार किया। सभी को उपजिलाधिकारी बिसौली के समक्ष पेश करने के लिए भेजा गया।
इसी क्रम में थाना उघैती पुलिस ने विजेन्द्र निवासी शरहबधौली, धर्मपाल निवासी शरहबधौली और इरफान निवासी उघैती गर्वी को भी शांति भंग की आशंका में गिरफ्तार कर न्यायालय के समक्ष पेश किया।
























