बदायूँ।डीएम ने राजस्व वादों के शीघ्र निस्तारण के दिए निर्देश

डीएम ने राजस्व वादों के शीघ्र निस्तारण के दिए निर्देश

बदायूँ। जनपद के जिलाधिकारी अवनीश राय की अध्यक्षता में सीएम डैशबोर्ड, आपदा एवं बाढ़ से संबंधित बैठक कलेक्ट्रेट स्थित सभागार में आयोजित की गई। बैठक में जिलाधिकारी ने राजस्व न्यायालयों में अत्यधिक पुराने लंबित वादों को शीर्ष प्राथमिकता पर निस्तारित करने के निर्देश दिए।

जिलाधिकारी ने तहसीलवार लंबित राजस्व वादों की समीक्षा करते हुए बताया कि धारा 34 के अंतर्गत बदायूँ में 1,951, बिसौली में 1,744, सहसवान में 1,333, दातागंज में 1,242 तथा बिल्सी में 1,152 सहित कुल 7,422 वाद लंबित हैं। धारा 24 के अंतर्गत बदायूँ में 242, दातागंज में 280, बिल्सी में 148, बिसौली में 213 तथा सहसवान में 74 सहित कुल 957 वाद लंबित हैं। इसी प्रकार धारा 116 के अंतर्गत बदायूँ में 643, दातागंज में 420, बिसौली में 304, बिल्सी में 274 तथा सहसवान में 114 सहित कुल 1,755 वाद लंबित हैं। जिलाधिकारी ने समस्त तहसीलदार एवं नायब तहसीलदारों को निर्देश दिए कि 45 दिन से अधिक पुराने लंबित वादों को शीर्ष प्राथमिकता पर निर्धारित समयावधि में निस्तारित करना सुनिश्चित करें। उन्होंने कहा कि राजस्व वादों के निस्तारण में अनावश्यक विलंब न हो तथा प्रत्येक स्तर पर प्रभावी मॉनीटरिंग की जाए।

जिलाधिकारी ने मुख्यमंत्री डैशबोर्ड पर प्रदर्शित विभिन्न बिंदुओं की समीक्षा करते हुए समस्त उपजिलाधिकारियों एवं तहसीलदारों को निर्देशित किया कि सीएम डैशबोर्ड से संबंधित सभी बिंदुओं पर शीघ्रता से आवश्यक कार्रवाई करते हुए निर्धारित समयावधि में प्रगति सुनिश्चित की जाए। उन्होंने कहा कि सभी अधिकारी अपने-अपने विभागीय लक्ष्यों की नियमित समीक्षा करें, जिससे आगामी माह में मुख्यमंत्री डैशबोर्ड पर जनपद की रैंकिंग में सुधार हो सके।

बैठक में आगामी 18 सितंबर को आयोजित होने वाली मॉक एक्सरसाइज की तैयारियों की भी समीक्षा की गई। जिलाधिकारी ने बताया कि भूकंप, रासायनिक गैस रिसाव एवं अग्नि सुरक्षा जैसी आपदाओं से बचाव तथा जन-धन की हानि को न्यूनतम करने के उद्देश्य से जनपद की सभी तहसीलों में मॉक एक्सरसाइज आयोजित की जाएगी।

उन्होंने सभी संबंधित विभागों के अधिकारियों को निर्देश दिए कि मॉक एक्सरसाइज में अपने दायित्वों के अनुरूप समय से पहुंचकर प्रतिभाग करना सुनिश्चित करें, साथ ही आपदा की स्थिति में राहत एवं बचाव कार्यों को प्रभावी ढंग से संचालित करने के लिए विभागीय तैयारियों को समय रहते पूर्ण कर लिया जाए।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *